रियाजुद्दीन की हत्या मामले में बड़ा खुलासा, टी-शर्ट और हाफ पेंट में आया था बदमाश, पुलिस के हाथ लगा सबूत

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। जीटीबी अस्पताल के सर्जरी वार्ड में घुसकर तीन बदमाशों ने रियाजुद्दीन नाम के एक मरीज पर गोलियां बरसाकर हत्या की थी। पुलिस को इस मामले में तीन सीसीटीवी फुटेज हाथ लगे हैं। सूत्रों ने बताया कि बदमाश आपातकालीन विभाग से होते हुए सर्जरी वार्ड पर पहुंचे थे। लाल टी-शर्ट व हाफ पेंट पहने बदमाश ने मरीज पर गोलियां बरसाई थीं। जिस जगह वारदात हुई वहां कैमरा नहीं था, वार्ड के मुख्य द्वार के ऊपर सीसीटीवी कैमरा लगा था। भागते हुए बदमाश उसमें कैद हुए हैं।
बता दें कि सोमवार को पुलिस ने रियाजुद्दीन के शव का पोस्टमार्टम करवाया। उधर, पुलिस ने तीनों बदमाशों की पहचान कर ली है। बदमाश नाबालिग बताए जा रहे हैं, इसलिए पुलिस ने नाम नहीं बताए हैं। शाहदरा व उत्तर पूर्वी जिला पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आपातकालीन विभाग के गेट नंबर तीन से बदमाश अस्पताल के अंदर आए। रविवार को ओपीडी बंद होती है, आपातकालीन विभाग चालू रहता है। तीनों बदमाश आपातकालीन विभाग में गए और यहां से होते हुए सर्जिकल वार्ड में पहुंचे।
दिल्ली में कानून-व्यवस्था का मखौल उड़ाते हुए बदमाशों ने रविवार को बड़े अस्पतालों में शामिल जीटीबी अस्पताल के सर्जरी वार्ड में घुसकर दिनदहाड़े एक उपचाराधीन मरीज की गोली मारकर हत्या कर दी थी। तीन की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने करीब सात राउंड गोलियां चलाईं। मृतक की पहचान रियाजुद्दीन के रूप में हुई है। मरीज के साथ मौजूद नर्स और उसकी बहन पर भी बदमाशों ने दो राउंड गोलियां चलाईं। दोनों ने नीचे बैठकर किसी तरह खुद को बचाया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से पांच खोखे मिले थे। जीटीबी एन्क्लेव थाना ने हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button