भोपाल का यह वीडियो उड़ा देगा आपके होश, चलती ट्रेन से युवक को दिया धक्का

भोपाल/मध्य प्रदेश। राजधानी भोपाल में सामने आए एक वीडियो को देखकर आपकी रूह कांप जाएगी। भोपाल रेलवे स्टेशन में एक चलती ट्रेन से एक युवक को धक्का देकर गिराए जाने की घटना सामने आई है। रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो को देखकर रेलवे पुलिस भी सकते में आ गई है। जानिए आखिर क्या है पूरा मामला।
रेलवे पुलिस के अनुसार यह घटना भोपाल स्टेशन से गुजर रही गाड़ी संख्या 22538 छत्रपति शिवाजी टर्मिनल से गोरखपुर की ओर जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस की बताई जा रही है। वीडियो बुधवार को प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची ट्रेन में बनाया गया है। आरपीएफ के अनुसार पांच मिनट रुकने बाद जैसे ही स्टेशन से रवाना हुई तभी जनरल कोच से एक यात्री ने दूसरे यात्री को धक्का दे दिया। इसके चलते उस यात्री ने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई।
यह वीडियो बुधवार (19 जून) दोपहर करीब 2 बजे कुशीनगर एक्सप्रेस भोपाल स्टेशन में बनाया गया बताया जा रहा है। दरअसल, कुशीनगर ट्रेन में सीट के विवाद को लेकर दो युवकों में झगड़ा हुआ। एक युवक ने दूसरे को ट्रेन से कुचलने के लिए नीचे धकेल दिया। हालांकि इस घटना से पीड़ित युवक को कोई चोट नहीं आई है। वहीं वीडियो देखकर समझ आता है कि जरा सी चूक होती तो उसकी जान जा सकती थी।
आरपीएफ कमांडेंट प्रशांत यादव के अनुसार युवक नर्मदापुरम से विदिशा जाने के लिए कुशीनगर एक्सप्रेस में चढ़ा था। इस दौरान किसी अन्य युवक से सीट को लेकर उसका विवाद हो गया। अंदर मौजूद युवक ने उसे चलती ट्रेन में से धक्का दिया। गिरने से पहले युवक ने आरोपी का हाथ पकड़े रहा। इसके बाद वह स्टेशन में गिर गया। इस युवक ने एफआईआर करवाने से भी मना कर दिया है। बाद वह पीड़ित युवक दूसरी ट्रेन से विदिशा चला गया।




