सिविल डिफेंस की नौकरी छूटने के बाद महिला ने रची पड़ोसी को लूटने की साजिश

नई दिल्ली। द्वारका डिस्ट्रिक्ट के छावला इलाके में सिविल डिफेंस की नौकरी छूटने के बाद महिला ने पड़ोसन के यहां लूटपाट की योजना बनाई। पुरुष का भेष बनाकर महिला पड़ोसन के यहां पहुंच गई और नकली पिस्टल की बट से पीड़िता के सिर पर हमला कर दिया। पीड़िता के शोर मचाने पर वह फरार हो गई। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर केस दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। आरोपी महिला की पहचान रेखा (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल खिलौना पिस्टल और अन्य सामान बरामद किया है।
डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 23 मई को छावला इलाके में एक महिला पर हमला कर लूटपाट के प्रयास का मामला सामने आया था। पुलिस को चंद्रकांता ने बताया कि कूरियर बॉय बनकर एक शख्स उनके पास आया। पीड़िता को पेन लेने घर में भेजकर वह खुद भी अंदर आ गया। बाद में अचानक आरोपी ने पिस्टल की बट से हमला कर दिया। शोर मचाने पर पड़ोसी आए तो आरोपी मौके से फरार हो गया। चंद्रकांता को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उनके बयान पर लूटपाट के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू की।
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी छावला के सोमेश विहार में छुपा हुआ है। टीम ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपी को उसके घर से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसने लूटपाट के प्रयास की बात स्वीकार कर ली। पहले वह सिविल डिफेंस वॉलंटियर थी। उसकी पड़ोसन चंद्रकांता दिन में अकेली रहती थी। रेखा ने लूटपाट की योजना बनाई। उसने कूरियर बैग, दस्ताने, खिलौना पिस्टल और अन्य सामान का इंतजाम किया और लूटपाट करने पहुंच गई। शोर मचाने पर वह पकड़े जाने के डर से फरार हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button