लोकराज्य’ पत्रिका में आंबेडकर की उलटी तस्वीर पर महाराष्ट्र विधानसभा में हंगामा, 24 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन

महाराष्ट्र विधानसभा में बाबासाहेब आंबेडकर की तस्वीर 'लोकराज्य' पत्रिका में कथित रूप से उल्टी छपने पर हंगामा हुआ।

मुंबई/एजेंसी। महाराष्ट्र विधानसभा में गुरुवार को राज्य सरकार की आधिकारिक पत्रिका ‘लोकराज्य’ में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और उनके भारत रत्न पदक की कथित रूप से उलटी छवियां प्रकाशित होने के मामले को लेकर जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर कड़ा विरोध जताते हुए सरकार से तत्काल जवाब की मांग की।
कांग्रेस विधायक नितिन राउत द्वारा यह मामला सदन में उठाए जाने के बाद विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी। उनका आरोप था कि देश के महान समाज सुधारक और भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार डॉ. आंबेडकर के चित्रण में गंभीर लापरवाही बरती गई है, जो अत्यंत आपत्तिजनक है।
विपक्ष ने सरकार से इस पूरे मामले में जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही।
मामले पर सफाई देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार ने इस संबंध में तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि संबंधित चूक की जांच कराई जा रही है और अगले 24 घंटे के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस प्रकार की त्रुटि स्वीकार्य नहीं है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। वहीं, विपक्ष ने स्पष्ट किया कि जब तक इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होती, वे इस मुद्दे को उठाते रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button