दिल्ली में भगवान राम की तस्वीर वाली प्लेट में परोसी बिरयानी

नई दिल्ली। भगवान राम के तस्वीर वाली प्लेट में बिरयानी परोसेने की शिकायत के बाद एक दुकानदार पर एक्शन हुआ। दिल्ली पुलिस ने आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शिकायत मिली थी। जिसके बाद उसे कुछ समय के लिए हिरासत में लिया गया था। आरोपी उत्तर पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी में डिस्पोजेबल प्लेट में बिरयानी देता था। एक बार इस्तेमाल की जाने इन प्लेटों पर भगवान राम की तस्वीर थी। जैसे ही हमें ये शिकायत मिली तो कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि दुकानदार ने एक कारखाने से ऐसी 1000 प्लेट खरीदी थीं। उनमें से केवल चार पर भगवान राम की तस्वीर थी। अधिकारी ने कहा कि उसने हमें बताया कि उसे प्लेटों पर भगवान राम के चित्र की जानकारी नहीं थी। जब इस संबंध में कारखाना मालिकों से बात की गई तो उन्होंने भी इस बात की पुष्टि किया कि दुकानदार को इसका पता नहीं था।
दिल्ली पुलिस को शनिवार शाम को जहांगीरपुरी इलाके से किसी का फोन आया था। फोन करने वाले ने शिकायत दर्ज कराई कि एक व्यक्ति भगवान राम की तस्वीर वाली प्लेटों में बिरयानी बेच रहा है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि जब टीम मौके पर पहुंची तो कुछ लोग दुकान के बाहर प्रदर्शन करते दिखाई दिए। उन्हें मामले में उचित जांच का आश्वासन देकर शांत किया गया।
पुलिस ने बताया कि दुकानदार को पहले सीआरपीसी की धाराओं 107/151 के तहत हिरासत में लिया गया और बाद में छोड़ दिया गया। अधिकारी ने बताया कि प्लेट भी जब्त कर ली गईं। अभी तक दुकानदार के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। हालांकि, केस की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button