मंडोली जेल नंबर-15 से रची गई नफे सिंह राठी हत्याकांड की साजिश! सुपारी देकर हत्या की आशंका

नई दिल्ली। हरियाणा के इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी हत्याकांड में शामिल दो आरोपी नांगलोई के सौरभ और आशीष दबोच लिए गए हैं। लेकिन, ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले दो शूटर अभी पकड़ से बाहर हैं, जिनमें से एक गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू का कजन नकुल उर्फ दीपक है। सूत्रों का दावा है कि हत्याकांड की साजिश मंडोली जेल नंबर-15 में रची गई। हथियारों का इंतजाम भी जेल से करवाया गया। इसके बाद नंदू को कॉन्फ्रेंस में लिया गया, जिससे अपने शूटरों से मर्डर करवाने के निर्देश दिए गए।
लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट में शामिल नंदू ने इन्हीं शूटरों के जरिए फरीदाबाद में 30 जनवरी को नजफगढ़ के सूरजभान उर्फ बल्लू पहलवान की हत्या करवाई थी। बल्लू एक समय नंदू का करीबी था, जिसके ऑफिस में 2015 में नंदू के जीजा सुनील उर्फ डॉक्टर की हत्या हुई थी। इस हत्याकांड को गैंगस्टर मंजीत महाल के गुर्गों ने अंजाम दिया था। बल्लू चश्मदीद था, जो अब गवाही देने में आनाकानी कर रहा था। पुलिस सूत्रों का दावा है कि नंदू ने अपने कजन नकुल सांगवान उर्फ दीपक सांगवान को बल्लू मर्डर का काम सौंपा।
सूत्रों ने बताया कि मंडोली जेल नंबर-15 से नफे सिंह राठी की हत्या की साजिश रची गई, जहां लॉरेंस सिंडिकेट के संदीप उर्फ काला जठेड़ी, हाशिम बाबा, रोहित मोई और कपिल मान उर्फ कल्लू बंद हैं। यहीं से नंदू से संपर्क साधा गया, जिसने अपने शूटरों को हत्या की जिम्मेदारी सौंपी। हथियार जेल में बैठे गैंगस्टर्स ने मुहैया करवाए, क्योंकि 455 बोर के पिस्टल का इस्तेमाल काला जठेड़ी के शूटर करते रहे हैं। आशंका है कि हरियाणा की राजनीति और काले कारोबार में दबदबे के लिए नफे सिंह के मर्डर की सुपारी दी गई।
पिछले साल अप्रैल में बीजेपी नेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या भी नंदू ने करवाई थी। इसके बाद उसके हौसले बुलंद हो गए। दिल्ली के एक विधायक ने भी नंदू पर आरोप लगाया कि वो बिल्डरों से जबरन वसूली करवाने का दबाव बना रहा है। इसकी शिकायत स्पेशल सेल से की गई थी।
महाल के गुर्गों ने नंदू के जीजा सुनील उर्फ डॉक्टर का 2015 में मर्डर किया। नंदू ने उसी रात हत्या में शामिल महाल के राइट हैंड नफे सिंह उर्फ मंत्री के घर जाकर उसके पिता का मर्डर तो मां-पत्नी को जख्मी किया। दूसरे आरोपी धर्मेंद्र के पिता और भाई को भी मार दिया। नंदू ने 29 जनवरी 2017 को महाल के पिता कृष्ण कुमार का कत्ल करवाया। इस गैंगवॉर में दर्जन से ज्यादा मर्डर हो चुके हैं। नंदू अपने भाई ज्योति बाबा के साथ जून 2019 में परोल पर आया, जो 2020 में फर्जी पासपोर्ट बनवा कर ब्रिटेन भाग गया। महाल तिहाड़ में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button