दिल्ली के मधु विहार में लूट का विरोध करने पर पार्क में किया मर्डर

नई दिल्ली। लूटपाट का विरोध करने पर चाकू से गोद कर युवक की हत्या कर दी गई। ईस्ट दिल्ली के मधु विहार इलाके में हुई वारदात को चार बदमाशों ने अंजाम दिया। मृतक नरेंद्र (32) का फोन और बैग लूट बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने लूट के दौरान हत्या के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। शुरुआती जांच के बाद चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ चल रही है। एलबी शास्त्री अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
रैपिडो में काम का था पहला दिन
नरेंद्र परिवार के साथ मंडावली की इंदिरा गली में रहते थे। फैमिली में माता-पिता दो भाई, तीन बहनें, पत्नी नेहा, तीन साल की बेटी यशिका और डेढ़ साल का बेटा मिवान हैं। नरेंद्र ने बीएससी के बाद एमबीए किया था। वो पहले एक मल्टिनैशनल कंपनी में जॉब कर रहे थे, जिसे किसी वजह से छोड़ दिया था। वो नई नौकरी की तलाश में थे। इस दौरान रैपिडो में काम शुरू किया था, जहां शुक्रवार को पहला दिन था। रात करीब 10:00 बजे दोस्त राहुल के साथ किसी काम के लिए निकले।
लूट का विरोध किया तो चाकू से किया हमला
डीसीपी (ईस्ट) अपूर्वा गुप्ता ने बताया कि नरेंद्र देर रात दोस्त के साथ शराब पीने आईपी एक्सटेंशन स्थित सीएनजी पंप के पास वाले डीडीए पार्क आए थे। सूनसान जगह पर चार लड़कों ने दोनों को घेर लिया, जिन्होंने नरेंद्र से बैग और फोन लूटने की कोशिश की। राहुल डर से भाग गए। नरेंद्र से लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू से गोद दिया। बैग-फोन लेकर फरार हो गए। पुलिस को देर रात 12:46 बजे सूचना मिली। नरेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत करार दिया गया।
चार साल पहले हुई थी शादी
नरेंद्र की चार साल पहले नेहा से शादी हुई थी। एक बेटा-बेटी होने से परिवार ठीक चल रहा था। लेकिन अचानक मौत होने से परिवार के लोग सदमे में हैं। मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों बेटा और बेटी को कुछ समझ नहीं आ रहा है।
पढ़ाई में रहे थे होशियारपरिजनों ने बताया कि नरेंद्र पढ़ाई में होशियार थे। उन्होंने बीएससी के बाद बीटेक में एडमिशन लिया था। लेकिन किसी वजह से बीच में छोड़ दिया। इसके बाद गुजरात की एक यूनिवर्सिटी से एमबीए किया। एमएनसी में जॉब भी करने लगे थे, जो कुछ समय पहले छूट गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button