द्वारका में प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर दिनदहाड़े फायरिंग, रंगदारी की पर्ची फेंक हुए फरार

नई दिल्ली। दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर, बिल्डर, बिजनेसमैन, केबल ऑपरेटर, शराब व्यापारी के ऑफिस और घर पर फायरिंग की वारदात कम होने का नाम नहीं ले रही है। अलग-अलग गैंग से जुड़े गैंगस्टर फायरिंग करवाते हैं। पर्ची फेंककर रंगदारी की रकम मांगते हैं। ऐसा ही एक और सनसनीखेज मामला द्वारका जिला के बिंदापुर थाना इलाके में बुधवार को सामने आया। घटना में कई राउंड गोली एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर चलाई गई है। साथ ही रंगदारी की रकम मांगी गई है।
राहत की बात यह है कि इस फायरिंग में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ है। इस मामले की पुष्टि करते हुए डीसीपी द्वारका एम हर्षवर्धन ने बताया कि दोपहर 1:30 बजे के आसपास फायरिंग की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही मौके पर पीसीआर की टीम पहुंची और बिंदापुर थाना से भी पुलिस की टीम गई। पता चला कि तीन लोग वहां पर पहुंचे थे, जिन्होंने कई राउंड फायरिंग की है। पुलिस ने इस मामले में 307/389/34 आईपीसी के तहत बिंदापुर थाना में एफआईआर दर्ज किया है।
इस मामले में बिंदापुर थाना के अलावा जिला की कई टीमें बना दी गई है। पुलिस ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जिस प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर फायरिंग की गई है, उससे पहले किसी भी तरह की रंगदारी की रकम मांगने की जानकारी नहीं है। ना ही किसी तरह की कोई धमकी इस मामले को लेकर मिली थी। इससे पहले बुधवार को ही दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच की टीम ने उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में एक बिजनेसमैन के घर पर 30 नवंबर को कई राउंड फायरिंग करके रंगदारी मांगने के मामले में एक नाबालिक सहित दो बदमाशों को हरियाणा के सोनीपत में छापा मारकर गिरफ्तार किया था। जो फायरिंग करने के बाद रंगदारी की डिमांड वाला पर्ची फेंककर गए थे।
वजीराबाद फायरिंग मामले में छानबीन कर रही क्राइम ब्रांच की पुलिस टीम ने 10 दिन के बाद फायरिंग करने वाले बदमाशों तक पहुंचने में कामयाब हुई थी। इससे पहले भी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में कई जगह इस तरह की फायरिंग हो चुकी है। हाल में ही पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में रहने वाले पंजाब के पूर्व एमएलए और शराब कारोबारी दीप मल्होत्रा के घर पर भी कई राउंड फायरिंग की गई थी। उस मामले में भी दिल्ली पुलिस ने काफी छानबीन के बाद फायरिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों शूटरों को गिरफ्तार किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button