बेटियां आगे बढ़ती हैं तो समाज तरक्की करता है : ज्योत्सना महंत

- ग्राम रामपुर में नवीन शासकीय महाविद्यालय का सांसद ने किया शुभारंभ
- कहा-मुख्यमंत्री की घोषणा पूरी, अब गांव में ही मिलेगी उच्च शिक्षा
राजेन्द्र शर्मा,( कोरबा/छत्तीसगढ़)। शिक्षा मानव जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है जिससे मानव उन्नति की राह की ओर अग्रसर होता है। किसी भी समाज, राज्य या राष्ट्र के विकास के लिए लड़कियों का शिक्षित होना आवश्यक है। बेटियां आगे बढ़ती हैं तो समाज तरक्की करता है। मनुष्य के जीवन में पढ़ाई ही सर्वोपरि है। आप सभी अपने जीवन में अनुशासन के साथ खूब मेहनत से पढ़ाई करें और अपने महाविद्यालय का नाम राज्य के साथ-साथ पूरे देश मे रोशन करें।
उक्ताशय के उद्गार कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने संसदीय क्षेत्र के रामपुर विधानसभा अंतर्गत वनांचल ग्राम रामपुर में नवीन शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ के अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुरूप रामपुर जैसे वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में सहूलियत देने हेतु महाविद्यालय प्रारंभ किया गया है। सांसद ने नवीन महाविद्यालय के लिए ग्राम वासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा सदैव से ही जन-जन तक शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुँचाना रहा है। रामपुर में उच्च शिक्षा का विकास के लिए मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरुप नवीन महाविद्यालय प्रारम्भ किया गया है। महाविद्यालय प्रारम्भ होने से आस पास के छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा गांव में ही प्राप्त करेंगे। क्षेत्र की बेटियां महाविद्यालय शुरू होने से लाभान्वित होंगी और अब उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए रामपुर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय नया है, जल्द ही नए भवन निर्माण की भी स्वीकृति मिल जाएगी। सांसद ने महाविद्यालय में प्रवेशित सभी छात्र-छात्राओं को अच्छे से मेहनत करने के लिए प्रेरित करते हुए सभी को जीवन में अनुशासन के साथ खूब मेहनत से पढ़ाई कर महाविद्यालय का नाम राज्य के साथ-साथ पूरे देश मे रोशन करने की बात कही।
शुभारंभ से पूर्व सांसद श्रीमती महंत सहित उपस्थित अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन किया। छत्तीसगढ़ के राज्यगीत अरपा पैरी के धार की प्रस्तुति दी गई। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। विधायक रामपुर ननकी राम कंवर एवं पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर,सांसद प्रतिनिधि हरीश परसाई,किरण चौरसिया, जनपद अध्यक्ष सुनीता कंवर, धनेश्वरी कंवर, रश्मि सिंह,सहित अन्य अतिथियों ने भी इस अवसर पर संबोधन के साथ शुभकामनाएं दी।

32 पदों पर होगी नियुक्ति, 4 संकायों में होगी पढ़ाई
गौरतलब है कि रामपुर विधानसभा के ग्राम चिर्रा में 22 मई 2023 को आयोजित भेंट मुलाकात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा रामपुर में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महाविद्यालय चालू शैक्षणिक सत्र से ही प्रारंभ करने की घोषणा की गई थी। इसकी प्रशासकीय स्वीकृति 25 अगस्त 2023 को मिली। शैक्षणिक सत्र 2023-24 में महाविद्यालय में शैक्षणिक कार्य संचालित करने हेतु वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा महाविद्यालय हेतु 32 विभिन्न पदों की स्वीकृति दी गई है। प्राचार्य, प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल सहित अन्य पद शामिल हंै। यथाशीघ्र इन पदों में नियुक्ति पूर्ण हो जाएगी। वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में 10 मेहमान प्राध्यापकों की नियुक्ति प्रक्रियाधीन है। महाविद्यालय में इस सत्र से बीए, बी कॉम, बीएससी विज्ञान एवं बीएससी गणित जैसे 4 संकाय प्रारम्भ है, अल्प समय में ही महाविद्यालय में 94 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। साथ ही अब भी उक्त महाविद्यालय में छात्र-छात्राओ के प्रवेश प्रकिया प्रारंभ है।




