मुंबई में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, रेलवे सेवाएं प्रभावित; आईएमडी का रेड अलर्ट जारी

मुंबई में जोरदार बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने शहर और आस-पास के इलाकों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है, जिससे हालात और भी गंभीर होने की आशंका है। वहीं सीएम देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से बारिश में सावधानी बरतने की अपील की है।

मुंबई/एजेंसी। मुंबई शहर और उसके आसपास के इलाकों में पिछले कुछ घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के चलते उपनगरीय रेलवे सेवाओं पर असर पड़ा है और कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कांजुरमार्ग और भांडुप स्टेशनों के बीच स्लो लाइन पर ओवरहेड तारों में प्लास्टिक फंसने के कारण कुछ समय के लिए ट्रैफिक भी बाधित रहा। सेंट्रल रेलवे के अनुसार प्लास्टिक हटाने का कार्य जारी है और सेवाओं को जल्द सामान्य किया जा रहा है।
बीते तीन-चार दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। विभाग ने अगले कुछ घंटों में अत्यधिक भारी बारिश के साथ 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मुंबई के निजी कार्यालयों के कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी है। वहीं सरकारी और अर्ध-सरकारी कर्मचारियों (आवश्यक सेवाओं को छोड़कर) के लिए दोपहर से आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि सभी एजेंसियां किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने लोगों से केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से नागरिकों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बीएमसी ने लोगों से पेड़ों, जर्जर इमारतों, होर्डिंग्स और बिजली के खंभों से दूर रहने, गाड़ियों को पेड़ों के नीचे पार्क न करने तथा समुद्र तटों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की सलाह दी गई है।
बीएमसी ने बताया कि लगभग 15,000 कर्मचारी और अधिकारी विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर 24 घंटे राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में बीएमसी की हेल्पलाइन 1916 पर संपर्क करने के लिए कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button