सहारनपुर में लिफ्ट देकर 11वीं की छात्रा से गैंगरेप, नाराज गांव वालों ने थाने पर घंटों किया हंगामा

सहारनपुर/उत्तर प्रदेश। सहारनपुर में लिफ्ट देकर नाबालिक छात्रा से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और गैंगरेप का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस घटना से नाराज परिजनों और गांववालों ने थाने पर घंटों धरना प्रदर्शन किया। उनकी मांग है कि आरोपियों के घर योगी सरकार बुलडोजर चलवाए। वहीं, एसएसपी का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुनिश्चित किया जाएगा कि कोर्ट में भी जल्द से जल्द आरोपियों को सजा दिलवाई जाए।
आरोप है कि कोतवाली गंगोह क्षेत्र में रहने वाली 11वीं की छात्रा के साथ 5 युवकों ने रेप किया है। घटना के बाद आरोपी पीड़िता को फटे हाल कपड़ों में एक चौराहे पर फेंक कर फरार हो गए। पीड़िता किसी तरह से पास की चौकी पर बैठे पुलिसकर्मियों के पास पहुंची और मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने तत्‍काल उसे गाड़ी में बिठाकर थाने भिजवाया। पीड़िता के परिजनों को सूचना देकर घर से कपड़े भी मंगवाए गए। छात्रा के परिजनों को जब गैंगरेप की सूचना मिली तो हाहाकार मच गया ।
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि छात्रा के चाचा ने थाने में तहरीर देकर बताया कि गांव आसरा खेड़ी के दो युवक अंकुर और अमन छात्रा के कॉलेज पहुंचे। दोनों ने उसकी भतीजी से कहा कि वह उसके गांव जा रहे हैं, उसे वहां छोड़ देंगे। युवक छात्रा की बुआ के गांव के रहने वाले थे। इसलिए उनके साथ बाइक पर बैठ गई। दोनों उसे एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां तीन युवक पहले से मौजूद थे। आरोप है कि वहां उसके साथ पांचों ने दुष्कर्म किया। फिर चौक पर फेंक कर भाग गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर विपिन ताडा ने बताया कि गंगोह क्षेत्र में एक छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही सुनिश्चित किया जाएगा कि आरोपियों को कोर्ट में जल्द से जल्द सजा मिले।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button