दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक चालक का जानलेवा स्टंट
पुलिस ने ड्राइवर को पकड़ा, कान पकड़ कर मंगवाई माफी

नूंह/हरियाणा। नूंह जिले में दिल्ली-मुंबई बड़ौदा एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रक कंटेनर का लापरवाही और खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नूंह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है । पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो में ट्रक चालक द्वारा वाहन को तेजी से लहराते हुए चलाने और स्टंट करने के दृश्य कैद हुए थे, जिससे अन्य यात्रियों की जान को खतरा पैदा हो गया था। पुलिस के मुताबिक घटना जिले के फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर हुई।
यह मामला 3 फरवरी को शाम करीब 4 बजे का है, जब चैनल नंबर 74 के पास गांव रीगड़ के निकट ट्रक कंटेनर चालक ने लापरवाही से ट्रक को चलाया । वीडियो व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने संज्ञान लिया और ट्रक के नंबर को चिन्हित कर जांच शुरू की । जांच के दौरान चालक की पहचान साबिर पुत्र सुलेमान के रूप में हुई, जो राजस्थान के अलवर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र का निवासी है । पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर मेवाती ट्रक ड्राइवरों द्वारा अक्सर ऐसे स्टंट किए जाते हैं। उनका कहना है कि इन गतिविधियों से राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान को गंभीर खतरा रहता है। एक्सप्रेस वे इतना हाईटेक होने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से कंटेनर चालकों द्वारा गाड़ियों को लहराते हुए स्टंट किया जा रहा है। अन्य वाहन चालक बाल बाल बचते नजर आ रहे हैं।




