गाजियाबाद में जेवर कारोबारी से 30 लाख के सोने की लूट का पर्दाफाश

गाजियाबाद। सिहानीगेट थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की शाम बाइक सवार दो बदमाशों द्वारा टप्पेबाजी कर मेरठ के जेवर कारीगर से चोरी किया गया 30 लाख कीमत का साेना व 50 हजार रुपये की वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का पूरा 30 लाख कीमत का सोना व चोरी की बाइक बरामद की है।
आरोपित का एक साथी फरार
आरोपित का एक साथी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। चंद घंटों में वारदात का पर्दाफाश करने पर पुलिस महानिदेशक ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। डीसीपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित दिल्ली के अंबेडकर नगर स्थित मदन गिर का रहने वाला रोहन है। जबकि मामले में उसका साथ अर्जुन फरार है।
चोरी का सोना और बाइक बरामद
आरोपित के पास से पुलिस ने 30 लाख कीमत का साढ़े छह सौ ग्राम सोना व वारदात में प्रयुक्त चोरी की बाइक बरामद की है। यह बाइक इन्होंने कहां से चोरी की थी, इस बारे में जानकारी की जा रही है। रोहन पर पूर्व में टप्पेबाजी के आठ मुकदमे दिल्ली, इंदिरापुरम व सिहानी गेट में दर्ज हैं। वर्तमान में वह अपनी सास के साउथ इंडियन रेस्टोरेंट में काम कर रहा था।
बता दें कि बृहस्पतिवार शाम मेरठ के जेवर बनाने वाले कारीगर जहांगीर अपने चालक इस्माईल के साथ गाजियाबाद आए थे। वापस लौटते समय जीटी रोड पर आप्यूलेंट माल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने कार के बोनट से तेल टपकने की बात कही और जब वह नीचे उतरे तो सीट पर रखा हुआ सोने से भरा बैग चोरी कर लिया था। मामले में पीड़ित ने सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कार में बैठे होने की करते हैं रेकी
आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह ऐसे वाहन की रेकी करते हैं जिसमें चालक आगे बैठा है और मालिक पीछे। यदि पीछे मालिक के पास बैग होता है तो वह यकीन मान लेते हैं कि इस बैग में कीमती सामान है। इस वाहन के साथ चलकर वह कार से तेल निकलने या पंक्चर होने की बात कहकर उनका ध्यान भटका कर वारदात को अंजाम देते हैं।
दिल्ली पुलिस के सहयोग से मिली सफलता
डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि वारदात के बाद मामले का पर्दाफाश करने के लिए दिल्ली पुलिस का सहयोग लिया गया। वारदात के बाद पुलिस ने सबसे पहले इस तरह की वारदात करने वाले गिरोहों के बारे में पता लगाया और मुखबिर तंत्र व सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पुलिस ने दिल्ली का रूट पकड़ा। घटना को लेकर दिल्ली पुलिस ने जानकारी साझा की गई और फिर गाजियाबाद पुलिस को सफलता भी मिल गई।




