हिंदू लड़की से शादी के लिए युवक ने डीएम को दी धर्मांतरण की अर्जी, बीवी बोली- वो कभी हिंदू नहीं हो सकता

मुरादाबाद,(उत्तर प्रदेश)। मुरादाबाद में आमिर अली नाम के मुस्लिम युवक ने धर्म परिवर्तन के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। साथ ही उसने अपने लिए सुरक्षा की भी मांग की है। प्रार्थना पत्र मिलने के बाद मुरादाबाद पुलिस ने आमिर अली से अमित महेश्वरी बने युवक के घर पर सुरक्षा के लिए पुलिस के दो जवानों को तैनात कर दिया है। धर्म परिवर्तन के लिए प्रार्थना पत्र देने वाले आमिर अली उर्फ अमित महेश्वरी की पत्नी महक उर्फ गुलअफ्शां ने मीडिया के सामने आकर इसे आमिर का ड्रामा बताया है। महक ने आरोप लगाया है कि धर्म परिवर्तन कानून की आड़ लेकर आमिर अली हिंदू लड़की से दूसरी शादी करना चाहता है।
मुरादाबाद की मुगलपुरा प्रथम इलाके में रहने वाले रिटायर्ड सीनियर पोस्टमास्टर जहीर खान की बेटी महक उर्फ गुलअफ्शां की शादी 22 फरवरी 2022 को आमिर अली से हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद ही महक को आमिर अली पर शक हुआ कि आमिर किसी से मोबाइल पर छिपकर चैट कर रहा है। जब महक ने आमिर अली को रंगे हाथों शुभांगी महेश्वरी नाम की एक लड़की से बात करते हुए पकड़ लिया तो आमिर ने उससे कहा कि वह शुभांगी महेश्वरी के साथ रिलेशनशिप में 2014 से है। उसने बताया कि शुभांगी महेश्वरी अब उसे ब्लैकमेल कर रही है और वह मजबूरी में उस लड़की से बात कर रहा है।
आमिर की पत्नी महक ने यह बात आमिर की मां को भी बताई। महक का आरोप है कि आमिर की मां ने भी उसे समझाया कि मर्द तो होते ही ऐसे हैं और वह शांत रहे। साथ ही अपने पति को समझा दे। कुछ दिन में सब ठीक हो जाएगा। महक ने बताया कि बात सुलझने की बजाय और ज्यादा बढ़ने लगी। अब आमिर अली ने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम अमित महेश्वरी रखकर हिंदू बनने के लिए आवेदन दे दिया है।
महक ने बताया कि आमिर कभी भी हिंदू धर्म नहीं अपना सकता। वह बहुत कट्टर मुसलमान है और वह तो कभी किसी हिंदू की दुकान से खरीदी हुई कोई चीज भी नहीं खाता। महक के मुताबिक आमिर अली यह चाहता है कि वह धर्म परिवर्तन कर अलीगढ़ में रहने वाली अपनी हिंदू प्रेमिका शुभांगी महेश्वरी से शादी कर ले और उसके ऊपर लव जिहाद का आरोप भी न लगे और उसको महक से भी निजात मिल जाए।
महक ने अपनी 3 महीने की बेटी को गोद में लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई है कि वह धर्म परिवर्तन कानून का सहारा लेकर उसका घर बर्बाद करने वाले आमिर अली उर्फ़ अमित महेश्वरी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करें। महक ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि एक बेटी का घर बसाने के लिए क्या योगी जी दूसरी बेटी का घर उजड़वा देंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button