कानपुर में खतरे के निशान पर गंगा नदी, बैराज के 30 गेट खोले गए

कानपुर,(उत्तर प्रदेश)। यूपी में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। प्रशासन की तरफ से चेतावनी जारी की गई है। हरिद्वार से करीब 2 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने के बाद यूपी में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। बिजनौर में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बुधवार को यूपी के 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। सहारनपुर में 4 दिन से लगातार बारिश से रेलवे व्यवस्था चरमरा गई है। यूपी प्रशासन ने बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। यूपी में बीते 72 घंटों में कुल 38 लोगों की मौत हो चुकी है।
कानपुर में 24 घंटे में 1 मीटर बढ़ा गंगा का जलस्तर
पहाड़ों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश का असर गंगा पर दिखने लगा है। मंगलवार से बुधवार के बीच 24 घंटे में कानपुर में गंगा का जलस्तर एक मीटर बढ़ गया। डाउनस्ट्रीम में पानी 111.780 मीटर पर पहुंच गया। जानकारों का कहना है कि बुधवार को हरिद्वार और नरौरा से काफी पानी छोड़ा गया है। 4-5 दिन में इसका असर दिखना शुरू हो जाएगा। कानपुर में गंगा बैराज के सभी 30 गेट खोल दिए गए हैं।




