दिल्ली की गीता कॉलोनी में टुकड़ों में बिखरी मिली लड़की की लाश, श्रद्धा जैसा एक और हत्याकांड?

- दिल्ली के गीता कॉलोनी फ्लाइओवर के पास मिले लाश के टुकड़े
- एक लड़की का शव है, कई जगह बिखरे मिले उसके अंग: पुलिस
- राजधानी में श्रद्धा हत्याकांड जैसी एक और वारदात की आशंका
नई दिल्ली। दिल्ली के गीता कॉलोनी फ्लाइओवर के पास आज टुकड़ों में कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह करीब सवा 9 बजे दिल्ली पुलिस को किसी शख्स ने इसकी जानकारी दी। लाश को दो पॉलिथीन बैग में ठिकाने लगाने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने बताया कि एक पॉलिथीन बैग में सिर रखा था और दूसरे में शरीर के टुकड़े। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले महरौली में भी श्रद्धा वाल्कर का ऐसे ही कटा शव मिला था। घटना की सूचना पाते ही पुलिस एक्टिव हो गई। सबूत की तलाश में झाड़ियों को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मरने वाले की उम्र 35-40 साल के करीब है। शव की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर लिया गया है।
जहां-तहां पड़े थे शव के टुकड़े
मौके पर पुलिस पहुंची तो देखा कि बॉडी के कई टुकड़े फ्लाइओवर के आसपास फेंके गए थे। मौके पर पुलिस टीम छानबीन कर रही है और बॉडी के टुकड़ों को इकट्ठा कर रही है। पुलिस शव की पहचान में जुटी हुई है। हत्या का मकसद क्या है, इसकी जांच में भी पुलिस जुटी हुई है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले महरौली में श्रद्धा वाल्कर की हत्या कर उसके शव टुकड़े करके फेंक दिए गए थे।
दो पॉलिथीन में मिली लाश
सेंट्रल रेंज के ज्वाइंट सीपी परमादित्य ने बताया कि दो काले पॉलिथीन में शव के टुकड़े मिले है। एक पॉलिथीन में कटा हुआ सिर रखा था और दूसरे में बॉडी के दूसरे हिस्से थे। लंबे बालों को देखकर लग रहा है कि ये महिला का शव है। हालांकि, अभी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जांच जारी है।
झाड़ियों में सबूत की तलाश
पुलिस ने फ्लाइओवर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है। जिससे कुछ सुराग मिल सके। माना जा रहा है कि रात के अंधेरे में यहां पर बॉडी के टुकड़ों को फेंका गया है। आसपास के थानों से गुमशुदा का भी लिस्ट पुलिस निकाल रही है। ताकि कोई सुराग मिल पाए।
35-40 साल उम्र
डीसीपी नॉर्थ सागर सिंह कलसी घटना के बारे में बताया कि जमुना खादर इलाके में दो टुकड़ों में कटी हुई बॉडी मिली है। मौके पर एफएसएल और क्राइम टीम पहुंचकर छानबीन कर रही है। शुरुआती जांच से लग रहा है कि मृतक की उम्र 35 से 40 साल के बीच में होगी। कोतवाली थाने में 302 का मामला दर्ज किया गया है।
स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को घेरा
दिल्ली महिला आयोग की चीफ स्वाति मालीवाल ने गीता कॉलोनी घटना पर पुलिस को घेरा है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, दिल्ली के गीता कॉलोनी में महिला के शव के कई टुकड़े मिले हैं। पुलिस को नोटिस भेज रहे हैं। लड़की कौन थी? दोषी कब तक अरेस्ट होगा? एक के बाद एक भयानक मर्डर्र दिल्ली में क्यों हो रहे हैं? कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट है।’
हफ्ते भर पहले भी आया था ऐसा एक और मामला
पिछले सप्ताह पुलिस को सफदरजंग अस्पताल के पीछे जंगल में एक सड़ी-गली लाश मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था। अभी यह भी पता नहीं चल सका है कि शव महिला का है या पुरुष का है। पुलिस 174 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज शव की पहचान करने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा था कि शव करीब 15 दिन पुराना है और शव के ऊपर नमक डाला गया था, जिससे उसकी पहचान भी नहीं पा रही है।
श्रद्धा मर्डर केस से दहल गई थी दिल्ली
पिछले साल 27 साल की श्रद्धा को कथित रूप से उसके बॉयफ्रेंड आफताब पूनावाला ने गला घोंटकर मार डाला था। फिर लाश के 30 से ज्यादा टुकड़े कर अलग-अलग जगह फेंक दिए थे। आफताब ने श्रद्धा के शव के टुकड़े-टुकड़े कर उन्हें 18 दिन तक ठिकाने लगाया था। उसने कुछ अंग फ्रिज में भी रखे थे। मामला करीब छह महीने बाद खुला जब श्रद्धा के पिता ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। आफताब को दिल्ली पुलिस ने अरेस्ट कर लिया था। फिलहाल उसका ट्रायल चल रहा है।




