तीन हत्याओं दहला आजमगढ़, प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली, घर के बाहर सो रहे दंपती की निर्मम हत्या

आजमगढ़,(उत्तर प्रदेश)। आजमगढ़ में अपराध पर लगाम नहीं लग पा रहा है। रविवार को अलग-अलग इलाकोें तीन हत्याओं से जिला दहल उठा। पहले मामले में रविवार की रात एक प्रॉपर्टी डीलर की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवा स्थित शिवालिक अस्पताल के पीछे सर्विस रोड पर अंजाम दिया गया। वहीं एक अन्य मामले में जिले के निजामाबाद इलाके में घर के बाहर सो रहे एक बुजुर्ग दंपती की भी हत्या कर दी गई।
प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोजरापुर गांव के रहने वाले 32 साल के हरिकांत यादव को बदमाशों ने गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई। मृतक के भाई ने दो अज्ञात समेत चार पर गोली मारने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। मोजरापुर गांव निवासी हरिकांत यादव लगभग चार-पांच साल से प्रॉपर्टी का काम करते थे। लगभग 6 माह से आजमपुर के कुछ लोगों के साथ प्रॉपर्टी का काम कर रहे थे। मोर्चरी हाउस पहुंचे रमाकांत यादव ने साथियों पर आरोप लगाया कि 2 माह से हरिकांत का अपने साथियों से भूमि बेचने और एग्रीमेंट और अपना पैसा मांगने को लेकर विवाद चल रहा था। साथियों ने भूमि बेचकर उसका हिस्सा हरिकांत को नहीं दिया तो इस को लेकर विवाद शुरू हो गया।
रविवार की सुबह ही घटनास्थल पर पुनः रुपए को लेकर साथियों से विवाद हुआ। रात को लगभग नौ बजे हरिकांत खाना खा रहे थे तो उसी दौरान साथियों ने रुपए देने के लिए घटनास्थल पर बुलाया जबकि पत्नी ने रात में जाने से मना किया था। घटनास्थल पर पहुंचते ही साथियों से विवाद शुरू हुआ उसी दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुबारकपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर दो अज्ञात समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
बुजुर्ग दंपती की हत्या
आजमगढ़ जिले के निजामाबाद क्षेत्र में अपने घर के बाहर सो रहे एक बुजुर्ग दम्पति की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि निजामाबाद थाना क्षेत्र के परसहां गांव में विश्वनाथ सोनकर (82) अपनी पत्नी संतरी (80) के साथ रहते थे। वे दोनों रोज की तरह रविवार रात खाना खाने के बाद गर्मी के कारण अपने घर के बाहर बिस्तर लगा कर सो गए। देर रात अज्ञात हमलावरों ने उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार कर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुबह जब लोग वहां से गुजरे तो बुजुर्ग दंपति के लहूलुहान शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पहले स्थानीय पुलिस और फिर पुलिस महानिरीक्षक अखिलेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) शैलेन्द्र लाल मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि दंपत्ति के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किया गया है और घर में सामान यथावत है। घटना का कारण संपत्ति विवाद बताया जा रहा है। अनुराग आर्य के अनुसार, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button