दिल्ली में नियम तोड़ने वाले कोचिंग सेंटर होंगे सील, एमसीडी ने बनाया मास्टर प्लान

नई दिल्ली। मुखर्जी नगर के कोचिंग सेंटर में आग की घटना के बाद एमसीडी उन सभी कोचिंग सेंटर को सील करने की तैयारी कर रही है, जहां मास्टर प्लान-2021 के नियमों का उल्लंघन किया गया है। प्लॉटेड डिवेलपमेंट एरिया में कोचिंग सेंटर खोलने के लिए सड़कों की चौड़ाई कम से कम 18 मीटर होनी चाहिए। कच्ची कॉलोनियों, अनाधिकृत-रेग्यूलराइज (यूआर) व रूरल एरिया में कोचिंग सेंटर खोलने के लिए सड़कों की चौड़ाई कम से कम 9 मीटर होनी चाहिए।
एमसीडी के एक सीनियर अफसर के अनुसार नॉर्थ दिल्ली में ज्यादातर कोचिंग सेंटर, मुखर्जी नगर, विजय नगर, क्रिश्चियन कॉलोनी, साउथ दिल्ली में बेर सराय, कालू सराय, जीया सराय, मुनिरका और जेएनयू के आसपास के कुछ इलाकों में हैं। पूर्वी दिल्ली में लक्ष्मी नगर भी प्राइवेट कोचिंग सेंटर का हब है। सेंट्रल दिल्ली में करोल बाग और राजेंद्र नगर में भी कोचिंग सेंटर काफी अधिक हैं। ऐसे इलाकों में जहां सड़क की चौड़ाई 18 मीटर से कम है, वहां प्राइवेट कोचिंग सेंटर खोलने की अनुमति नहीं है। ऐसे ही कच्ची कॉलोनियों, अनाधिकृत-रेग्यूलराइज (यूआर) व रूरल इलाकों में जहां रोड की चौड़ाई 9 मीटर है, वहीं कोचिंग सेंटर खोले जा सकते हैं। कमर्शल इलाकों में कोचिंग सेंटर खोलने पर रोक नहीं है, लेकिन कोचिंग सेंटर संचालकों के पास एमसीडी, फायर डिपार्टमेंट, डीपीसीसी और पुलिस का एनओसी अवश्य होना चाहिए। इन नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग सेंटर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लेकिन, इसके पहले सभी जोन में कोचिंग सेंटर का सर्वे किया जाएगा, ताकि दिल्ली में कुल कितने प्राइवेट कोचिंग सेंटर हैं, उनका मोटा-मोटा अनुमान लगाया जा सके।
साउथ दिल्ली में ज्यादातर सेंटर हो सकते हैं सील
एमसीडी अफसरों का कहना है कि साउथ दिल्ली में मुनिरका, कालू सराय, जीया सराय, बेर सराय में जितने भी प्राइवेट कोचिंग सेंटर चल रहे हैं, वहां रोड की चौड़ाई मुश्किल से 6 मीटर भी नहीं होगी। ऐसे में इन इलाकों में चल रहे कोचिंग सेंटरों का सील होना लगभग तय है। नॉर्थ दिल्ली में मुखर्जी नगर में कुछ कोचिंग सेंटर, जो कमर्शल इलाकों में चल रहे हैं, उन्हें छोड़कर बाकी कोचिंग सेंटर पर भी सीलिंग का तलवार अब लटक गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button