रोहिणी से जोरा गैंग का शूटर गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद

नई दिल्ली। स्पेशल सेल, दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नवीन डाबस उर्फ जोरा गैंग के सक्रिय शूटर चिराग उर्फ सचिन को गिरफ्तार किया है। आरोपी झज्जर में एक मेडिकल स्टोर पर रंगदारी के लिए की गई फायरिंग की घटना में वांछित था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज एवं एसटीएफ की टीम ने इंस्पेक्टर मंदीप और जयबीर के नेतृत्व में तथा एसीपी राहुल कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी चिराग उर्फ सचिन (22) पुत्र रमेश, निवासी थाना खरखौदा, जिला सोनीपत (हरियाणा) को रोहिणी इलाके से गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने साथियों मोहित उर्फ चंद और जतिन के साथ गैंगस्टर नवीन डाबस उर्फ जोरा, जो दुबई से गिरोह संचालित कर रहा है, के संपर्क में था। जोरा के निर्देश पर 5 मई 2026 को इन आरोपियों ने झज्जर में एक मेडिकल स्टोर पर रंगदारी के लिए फायरिंग की थी, जिसके बाद स्टोर मालिक को फोन पर धमकी भी दी गई। इस संबंध में थाना सिटी झज्जर, हरियाणा में एफआईआर संख्या 111/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
स्पेशल सेल को 12 मई 2026 को सूचना मिली थी कि जोरा गैंग का एक शूटर अवैध हथियारों के साथ रोहिणी इलाके में आने वाला है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को धर दबोचा। आरोपी के पास से एक अत्याधुनिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 10वीं तक पढ़ा है और 2020 से 2022 तक खरखौदा में एक जनरल स्टोर पर काम करता था। इसी दौरान वह अपने साथी मोहित के माध्यम से सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टर नवीन डाबस के संपर्क में आया। फायरिंग की घटना के बाद उसके दोनों साथी हरियाणा पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिए गए थे, जबकि वह फरार चल रहा था और लगातार जोरा के संपर्क में था। उसे दिल्ली पहुंचकर आगे के निर्देश का इंतजार करने को कहा गया था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।





