लूटपाट का विरोध करने पर घर में बुज़ुर्ग महिला की हत्या, मौजपुर में दिनदहाड़े बंधक बनाकर वारदात

नई दिल्ली। नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के जाफराबाद इलाके में दिन-दहाड़े चार बदमाशों ने एक घर पर धावा बोल दिया। बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट करने लगे। शोर मचाने पर बदमाशों ने महिला का गला घोंट दिया। बचाव में आए पति और किराएदार पर भी चाकू से हमला किया। लूटपाट के बाद बदमाश फरार हो गए। पुलिस तीनों को जगप्रवेश चंद्र अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शमीम (70) के रूप में हुई। इनके पति अब्बास (70) और किराएदार जाहिद (22) का इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, अब्बास मौजपुर की आंबेडकर बस्ती में रहते हैं। इनकी आठ बेटियां और तीन बेटे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। ये सभी अपने परिवारों के साथ अलग-अलग रहते हैं। अब्बास आंबेडकर बस्ती के 100 गज में बने मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं, जहां पत्नी शमीम उनके साथ थीं। ऊपर की मंजिल पर उनके रिश्तेदार जाहिद किराए पर रहते हैं। पति-पत्नी गुरुवार दोपहर को सो रहे थे। करीब 3 बजे अचानक चार बदमाश घर में घुस गए, जिन्होंने चाकू की नोक पर दोनों को बंधक बना लिया। इसके बाद घर में लूटपाट करने लगे।
बुजुर्ग महिला शोर मचाने लगी तो एक बदमाश ने उनका गला दबा दिया। इससे वो अचेत हो गईं। अब्बास ने विरोध किया तो एक बदमाश ने चाकू से उन पर हमला कर दिया। शोरगुल होने पर पहली मंजिल से जाहिद नीचे आ गए, तो उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी बाहर निकल कर आए। इससे घबराकर बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस को कॉल किया, जो तीनों को अस्पताल ले गई। बुजुर्ग महिला को मृत करार दिया गया। शव को जीटीबी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। जाफराबाद थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। घर का सामान बिखरा हुआ था। महिला की पहनी हुई जूलरी गायब थी। इसके अलावा घर से क्या-क्या सामान गायब है, उसकी जांच चल रही है।
पुलिस अफसरों ने बताया कि जिले की कई टीमों को तफ्तीश में लगाया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। परिजनों से भी पूछताछ चल रही है। लूटपाट, आपसी रंजिश और प्रॉपर्टी विवाद समेत सभी एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तादाद चार से ज्यादा हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button