नक्शा बना लिया, पास कराने को पैसे नहीं,अयोध्या के धन्नीपुर मस्जिद निर्माण की ताजा स्थिति जानिए

अयोध्‍या,(उत्तर प्रदेश)। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आवंटित 5 एकड़ जमीन पर प्रस्‍तावित अयोध्‍या की धन्नीपुर मस्जिद का नक्‍शा नए सिरे से अयोध्या डेवलपमेंट अथॉरिटी में अप्रूव करने के लिए जल्‍द जमा किया जाएगा। अभी तक पूरे मस्जिद प्राजेक्‍ट का नक्‍शा, जिसमें सुपर स्‍पेशियलिटी हॉस्‍पिटल, कम्‍युनिटी किचन, लाइब्रेरी आदि हैं, एडीए में अप्रूवल के लिए जमा हैं। एडीए पूरा टैक्‍स जमा करने के बाद ही स्वीकृत नक्‍शा जारी करने की बात कर रहा है। ऐसे में मस्जिद निर्माण समिति की ओर से संशोधित प्रस्ताव को भेजने की तैयारी की जा रही है। मतलब, तत्काल ट्रस्ट हॉस्पिटल, लाइब्रेरी के निर्माण की योजना को स्थगित कर रहा है।
मस्जिद ट्रस्‍ट के सूत्रों के मुताबिक, धन्‍नीपुर मस्जिद का पूरा प्राजेक्‍ट करीब 300 करोड़ रुपए का है। इस पर अयोध्‍या विकास प्राधिकरण का डेवलेपमेंट टैक्‍स और अन्‍य टैक्‍स का आंकलन करीब 12 करोड़ रुपए आ रहा है। मस्जिद ट्रस्‍ट के सचिव अतहर हुसैन के मुताबिक, मस्जिद ट्रस्‍ट के पास फिलहाल इतना धन जमा नहीं है। भारी-भरकम टैक्‍स जमा कर पूरे प्राजेक्‍ट का नक्‍शा पास करवाने में इस कारण दिक्कत आ रही है। अतहर ने बताया कि ट्रस्‍ट ने अपने मस्जिद निर्माण का प्‍लान बदल दिया है।
अतहर हुसैन ने कहा कि पहले हॉस्पिटल आदि का निर्माण शुरू करने की योजना बनी थी। मुस्लिम समुदाय के प्रतिष्‍ठित लोगों की अपील पर अब पहले मस्जिद का निर्माण शुरू किया जाएगा। ऐसे में मस्जिद की जो डिजाइन पहले पूरे प्राजेक्‍ट में बनी है, उसी को अकेले नक्‍शा पास करवाने के लिए जमा करने की तैयारी है। इसे एक सप्‍ताह में एडीए कार्यालय में जमा किया जा सकता है।
ट्रस्ट की ओर से बताया गया है कि केवल मस्जिद के नक्‍शे के अप्रूवल में ट्रैक्‍स की राशि कम आएगी। इसे मस्‍जिद ट्रस्‍ट आसानी से जमा कर सकता है। यह भी दावा किय गया है कि मस्जिद का निर्माण शुरू होने के साथ ही डोनेशन की राशि भी मिलने लगेगी। इससे पूरे प्राजेक्‍ट का भी नक्‍शा पास करवा लिया जाएगा। इसके बाद निर्माण की प्रक्रिया को अगले लेबल तक ले जाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button