हिंदू संगठन के नेता ने दूसरे समुदाय के लोगों को मंदिर में कराया हनुमान चालीसा का पाठ

अलीगढ़,(उत्तर प्रदेश)। अलीगढ़ से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विडियो में हिंदू संगठन का एक नेता मंदिर में दूसरे समुदाय के लोगों को हनुमान चालीसा का पाठ करा रहा है। विडियो में दूसरे समुदाय के करीब आधा दर्जन लोग हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं। यह विडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विडियो अलीगढ़ जिले के इगलास तहसील के हस्तपुर गांव के एक मंदिर का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि विडियो में हनुमान चालीसा का पाठ करा रहे हिंदूवादी नेता सचिन अखिल भारत हिंदू सेना के जिला अध्यक्ष हैं। सचिन शर्मा ने खुद कार्यक्रम की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों में सनातन धर्म के प्रति जागरुकता के लिए आयोजित किया था। इसमें मुस्लिम समुदाय के लोगों को बुलाया तो गया था। इसके लिए किसी भी व्यक्ति पर दबाव नहीं डाला गया। उनका कहना है कि दोनों समुदायों के बीच सामन्यजस के लिए इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन होते रहना चाहिए।
सचिन शर्मा ने बताया कि हनुमान चालिसा पाठ संपन्न होने के बाद सभी लोगों ने जय श्रीराम और वंदेमातरम के नारे लगाए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान लोगों ने वीडियो भी रिकॉर्ड किए थे। किसी ने वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया होगा। जिससे यह वायरल हो गया। थाना इगलास इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि वायरल विडियो गांव हस्तपुर के एक मंदिर का है। इस संबंध में अभी तक किसी ने कोई शिकायत नहीं की है। अगर कोई व्यक्ति तहरीर देता है तो मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।




