आनंद विहार स्टेशन पर 8 मिनट से ज्यादा गाड़ी खड़ी करने पर लिया जाएगा पार्किंग शुल्क

नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन की तर्ज पर अब आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर भी एक्सेस कंट्रोल पार्किंग सिस्टम की शुरुआत जल्द होगी। इसके लिए अफसरों ने इस पर विचार शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि अगले महीने इसका प्रस्ताव पास हो जाएगा। रेलवे स्टेशन के बाहर खड़ी गाड़ियों के चलते आए दिन लोगों को जाम झेलना पड़ता है। इस समस्या से निपटने के लिए दिल्ली डिविजन के अधिकारियों ने एक्सेस कंट्रोल पार्किंग सिस्टम को लागू करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। अधिकारियों के मुताबिक, नई दिल्ली के बाद निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन एक्सेस कंट्रोल पार्किंग सिस्टम सफल रहा है। 20 मार्च को निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर इसकी शुरुआत की गई थी। अब तक वहां से एक भी शिकायत नहीं मिली है।
ऐसे में अब आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर इस सिस्टम को शुरू करने की कवायद शुरू हो गई है। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि अगले महीने इसका प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।जानकारों की मानें तो एक गेट पर एंट्री पॉइंट बनाया जाएगा, जहां 8 मिनट से ज्यादा देर तक गाड़ी खड़ी करने पर पार्किंग शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा, जितने समय तक गाड़ी पार्किंग सिस्टम के अंदर खड़ी रहेगी, उतना ही शुल्क बढ़ता जाएगा। हालांकि, 8 मिनट तक गाड़ी से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक्सेस कंट्रोल पार्किंग सिस्टम का टेंडर अब खत्म होने वाला है। ऐसे में अप्रैल में इसका टेंडर किया जाएगा। पिछले साल नई दिल्ली का टेंडर पांच करोड़ रुपये में किया गया था।




