‘पत्रकार’ पर जानलेवा हमला: ऑफिस में घुसकर चाकुओं से गोदा, घायल ने वीडियो जारी कर थाना प्रभारी पर लगाया आरोप

सारंगपुर,(मध्य प्रदेश)। सारंगपुर में आपसी रंजिश में पांच बदमाशों ने एक युवक को तलवार और चाकुओं से गोद दिया। युवक को गंभीर अवस्था में इंदौर रेफर किया गया है। पुलिस ने घायल युवक के चाचा कि शिकायत पर 5 लोगों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। घायल युवक ने सारंगपुर थाना प्रभारी पर हत्या के षड्यंत्र का आरोप लगाया है। सारंगपुर में अखबार कि एजेंसी चलाने वाले सलमान का नगर के शाहरूख से विवाद चल रहा है। बुधवार को शाहरूख ने सलमान के भाई से मारपीट की। सलमान ने बुधवार को इसकी एफआईआर भी सारंगपुर थाने में की। पुलिस ने शाहरूख की शिकायत पर सलमान के खिलाफ भी केस दर्ज किया था।
गुरुवार को शाहरूख ने सलमान की हत्या करने के लिए भोपाल से युवकों को बुलाया। दोपहर में सलमान शासकीय अस्पताल के सामने अपने कार्यालय में बैठकर लोगों से चर्चा कर रहा था। तभी 4-5 लोग पहुंचे, उन्होंने तलवार और चाकुओं से सलमान को गोद दिया। घायल अवस्था में उसको शासकीय अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के दौरान ही सलमान ने हमला करने वालों के नाम बताए। इसके साथ ही उसने थाना प्रभारी पर हत्या के प्रयास मे शामिल होने का गंभीर आरोप लगाया है।
पुलिस ने घायल युवक सलमान के चाचा रसीद खान की शिकायत पर आरोपी कल्लू खां पिता खालिक, शाहरुख पिता मकसूद, मन्नू उर्फ समीर खां पिता मकसूद, सलामत पिता सलीम खां और आबिद पेंटर पिता कल्लू पेंटर के खिलाफ केस दर्ज किया है।घायल सलमान ने वीडियो जारी कर सारंगपुर के थाना प्रभारी आशुतोष उपाध्याय पर 10 हजार रुपए रिश्वत लेकर हत्या के प्रयास मे शामिल होने का आरोप लगाया है। सलमान को बेहोशी की हालत में इंदौर रेफर किया गया है। घटना के बाद सारंगपुर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई है। घटना के बाद SP के निर्देश पर सारंगपुर के अलावा, पचोर थाना प्रभारी डीपी लोहिया, तलेन थाना प्रभारी शैलेश कर्नाटक, लीमाचौहान थानाप्रभारी नर्मदाप्रसाद दायमा बल लेकर सारंगपुर पहुंचे हैं।
थाना प्रभारी आशुतोष उपाध्याय ने बताया कि बुधवार को युवक एकतरफा मामला दर्ज कराने कि जिद कर रहा था, लेकिन दोनों पार्टियों के आवेदन आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मारपीट का क्रॉस केस दर्ज किया था। इसलिए वह आरोप लगा रहा है, जो निराधार हैं।




