गाजियाबाद में खतरनाक पालतू कुत्तों का जल्द कराएं रजिस्ट्रेशन, नहीं तो हर 3 दिन बाद देने पड़ेंगे 5000 रुपये

गाजियाबाद । हिंसक व खूंखार प्रजाति के पिटबुल, रॉटवीलर और डोगो अर्जेंटीनो कुत्तों के पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) के लिए 31 दिसंबर तक का मौका है। 15 अक्टूबर को नगर निगम सभागार में हुई बोर्ड बैठक में इन तीनों पालतू कुत्तों के पंजीकरण पर रोक लगाने का प्रस्ताव पास हुआ था। पहले से जिन लोगों के पास ये कुत्ता है, उन्हें बंध्याकरण कराने के बाद पंजीकरण के लिए दो माह का समय दिया गया है।
पालतू कुत्ते का पंजीकरण न कराने पर पांच हजार रुपये जुर्माने का प्रविधान है। 31 दिसंबर 2022 के बाद नगर निगम पिटबुल, रॉटवीलर और डोगो अर्जेंटीनो कुत्तों के उन पालकों पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाएगा, जिनके कुत्ते का पंजीकरण नहीं कराया गया है। इनका पंजीकरण भी नहीं होगा और एक बार जुर्माना लगाने के बाद नगर निगम की टीम तीन दिन बाद फिर ऐसे लोगों के घर जाएगी और कुत्ता मिलने पर फिर से पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यह प्रक्रिया तब तक चलती रहेगी, जब तक कुत्ता नगर निगम की सीमा से बाहर नहीं छोड़ा जाता।
पंजीकरण पर रोक का नियम बनने से पहले तीनों प्रजाति के 40 कुत्ते पंजीकृत थे। इन सभी को भी नोटिस भेजा गया है कि अपने कुत्ते का बंध्याकरण करा प्रमाण पत्र भी अपलोड कराएं। रोक लगने से बाद से अब तक ऐसे 12 कुत्तों का पंजीकरण कराया जा चुका है। नगर निगम के उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डा. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर तक तीनों प्रजाति के कुत्तों का पंजीकरण बंध्याकरण के प्रमाण-पत्र के साथ हर हाल में करा लें, क्योंकि इसके बाद हर तीन दिन बाद पांच हजार रुपये का जुर्माना लगेगा।




