भारत ही नहीं पूरी दुनिया के लिए मॉडल है उत्तर प्रदेश : मिलिंडा गेट्स

लखनऊ,(उत्तर प्रदेश)। बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन की सह-संस्थापक मिलिंडा गेट्स एवं बिल गेट्स की पत्नी ने सीएम योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। उत्तर प्रदेश आगमन पर मुख्यमंत्री ने मिलिंडा गेट्स और उनके सहयोगियों के अभिनन्दन किया। विशेष मुलाक़ात में मिलिंडा गेट्स ने उत्तर प्रदेश सरकार के साथ स्वास्थ्य, पोषण और कृषि के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग को और बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया। मिलिंडा गेट्स ने कहा कि हाल के वर्षों में कोविड प्रबंधन और इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी पर नियंत्रण के लिए यूपी ने जैसा काम किया है, वह एक अनुकरणीय मॉडल है। इतनी बड़ी और सघन आबादी के बीच वैक्सीनेशन का जैसा काम हुआ, उससे दुनिया को सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतिम व्यक्ति को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा, वित्तीय समावेशन, पोषण, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण आदि क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश की कोशिशें प्रेरणा देने वाली हैं। उत्तर प्रदेश न केवल भारत के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए मॉडल है।

Melinda-2

उत्तर प्रदेश के साथ फाउंडेशन के गहरे संबंधों की चर्चा करते हुए मिलिंडा गेट्स ने कहा कि स्वास्थ्य व सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में हम लंबे समय से यहां काम कर रहे हैं। यह खुशी की बात है कि समाज के सबसे कमजोर और अंतिम व्यक्ति तक हम सुविधा पहुंचाने में सफल हो पा रहे हैं। आने वाले समय मे हम यूपी के साथ अपने संबंधों को और बेहतर करने की मंशा रखते हैं। मिलिंडा गेट्स ने यूपी में प्रभावी ढंग से लागू डिजिटल बैंकिंग सिस्टम की भी सराहना की। मिलिंडा गेट्स ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास की अपार संभावनाएं हैं। विगत वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर की बेहतरी के लिए जैसा कार्य किया है, वह अभूतपूर्व है।
उत्तर प्रदेश में पोषण मिशन की सफलता की चर्चा करते हुए मिलिंडा गेट्स इसके लिए महिला स्वयंसेवी समूहों की भूमिका को सराहा, तो कृषि प्रधान देश के सबसे बड़े राज्य में एफपीओ के गठन को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी को बढ़ाने के लिए हो रही कोशिशों की प्रशंसा भी की। वहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि भारत की आजादी के अमृत वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को दिसंबर 2022 से दिसंबर 2023 तक विश्व के बड़े राष्ट्रों के समूह जी-20 की अध्यक्षता करने का सुअवसर मिला है। यह कालखंड पूरी दुनिया की सुख, समृद्धि और सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। योगी ने कहा कि बीएमजीएफ के कार्यों को उन्होंने नज़दीक से देखा है। स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन (बीएमजीएफ) का सराहनीय योगदान रहा है। कोविड की चुनौतियों के बीच फाउंडेशन की ओर से यूपी को लॉजिस्टिक्स और टेक्निकल सपोर्ट मिला। हम इसके लिए फाउंडेशन के प्रति आभारी हैं।

महिला सशक्तिकरण के प्रयासों से अभिभूत मिलिंडा गेट्स ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के प्रयासों से महिलाओं के आत्मविश्वास में अभिवृद्धि होगी और उनमें उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास हो सकेगा। इस तरह देश और प्रदेश के विकास में यह महिलाएं अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकेंगी। इन प्रयासों ने यह सिद्ध किया है कि महिलाएं भी नेतृत्व कर सकती हैं। मुख्यमंत्री ने 10-12 फरवरी 2023 तक प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन में सहभाग करने का मिलिंडा गेट्स व उनके सहयोगियों को आमंत्रण भी दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button