जेल से छूटकर घर पहुंचा नोएडा का ‘गालीबाज’ श्रीकांत त्यागी, पत्नी ने आरती उतारकर खिलाया लड्डू

नोएडा। नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला के साथ गाली गलौज करने के बाद चर्चा में आया श्रीकांत त्यागी बृहस्पतिवार को जिला जेल गौतमबुध नगर से रिहा हो गया। उसके कुछ साथी जेल के बाहर उसे लेने के लिए पहुंचे थे। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद जेल प्रशासन ने शाम लगभग 5:30 बजे उसे रिहा कर दिया।श्रीकांत त्यागी के घर पहुंचने पर पत्नी अनु त्यागी ने लड्डू खिलाकर और आरती उतार कर सेक्टर-93 स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी के घर में स्वागत किया है। इस दौरान श्रीकांत त्यागी के कई समर्थक व स्वजन भी मौके पर मौजूद रहे। घटना के बाद लगभग ढाई महीने तक श्रीकांत त्यागी जेल में बंद था। गैंगस्टर के मामले में कुछ दिन पूर्व इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद बृहस्पतिवार को उसे रिहा किया गया।
बता दें कि नोएडा की एक चर्चित सोसायटी में महिला के साथ बदसलूकी के आरोपित श्रीकांत त्यागी के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई थी। फिर उसे नौ अगस्त को मेरठ में पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया था। तब से वह जेल में बंद है। नोएडा में महिला से बदसलूकी करने का यह मामला 5 अगस्त का है। श्रीकांत त्यागी का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसके बाद इस वीडियो की काफी चर्चा हुई थी। हालांकि पुलिस की दबिश बढ़ने के बाद श्रीकांत त्यागी फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
17 अक्टूबर को हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति सुरेंद्र सिंह प्रथम ने गैंगस्टर एक्ट के प्रकरण की सुनवाई करते हुए श्रीकांत त्यागी की जमानत अर्जी मंजूर कर ली। नोएडा के फेज-2 थाने में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज है। हाई कोर्ट में श्रीकांत त्यागी का पक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता जीएस चतुर्वेदी, अधिवक्ता अमृता राय मिश्रा और आलोक रंजन मिश्र ने रखा। इन वकीलों का कहना था कि याची श्रीकांत को राजनीतिक दुर्भावना से गलत तरीके से फंसाया गया है।




