दिल्ली के नशा मुक्ति केंद्र में मर्डर, केमिकल इंजीनियर ने युवक की चाकू घोंपकर की हत्या

बाहरी दिल्ली। अलीपुर के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक इंजीनियर ने बृहस्पतिवार की रात गाली देने पर एक युवक के गले पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त बुराड़ी निवासी 22 वर्षीय अरुण कुमार के रूप में हुई है। जिसे नशा करने की वजह से केंद्र में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने मौके से आरोपित त्रिनगर निवासी 27 वर्षीय अरुण जोशी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चाकू बरामद कर लिया है। फिलहाल इस नशा मुक्ति केंद्र में करीब 27 नशे के आदी लोग भर्ती हैं।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात अलीपुर थाना पुलिस को हिरनकी गांव स्थित कश्मीरी कालोनी के किरणदीप फाउंडेशन नाम के एक नशा मुक्ति केंद्र के अंदर चाकूबाजी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जहां परिसर में खून बिखरा हुआ पाया। पूछताछ करने पर पता चला कि घायल युवक को बुराड़ी अस्पताल ले जाया जा चुका है।
पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां घायल व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। मृतक की शिनाख्त बुराड़ी के सत्य विहार निवासी अरुण कुमार के रूप में हुई। उसके पिता मोनू रिक्शा चालक हैं। पीड़ित परिवार ने बताया कि अरुण किशोरावस्था में ही नशे का आदी हो गया था। नशे की लत छुड़ाने के लिए परिवार ने उसे एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करा दिया था।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर नशा मुक्ति केंद्र में मौजूद आरोपित अरुण जोशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चाकू बरामद कर लिया। पूछताछ करने पर आरोपित ने बताया कि कुछ दिन पहले उन दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान मृतक ने उसे गाली दी थी। जिसका बदला लेने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया।
आरोपित अरुण केशवपुरम के त्रिनगर में परिवार के साथ रहता है। उसने 2019 में दिल्ली के रोहिणी स्थित गुरु नानक देव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की है। उसके पिता महेश जोशी घर के पास ही किराये की एक मेडिकल दुकान चलाते हैं। आरोपित ने बताया कि 2015 में अपने कॉलेज के दिनों से ही गांजा और भांग खाने की लत लग गई थी। करीब नौ माह पहले परिवार वालों ने उसे इलाज और पुनर्वास के लिए किरणदीप फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button