गलगोटिया विश्वविद्यालय के पास मिला पटना के छात्र का शव

नोएडा ब्यूरो। ग्रेटर नोएडा के दनकौर स्थित गलगोटिया विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र यशस्वी राज का शव शनिवार दोपहर नाले में मिला है। छात्र पिछले तीन दिनों से लापता था। स्वजन ने छात्र के चार दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। अंतिम बार छात्र उन्हीं चारों दोस्तों के साथ देखा गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, अभिषेक वर्मा (डीसीपी, ग्रेटर नोएडा) का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
मूल रूप से बिहार के पटना स्थित दानापुर के खगौल के रहने वाले 21 वर्षीय यशस्वी राज गलगोटिया विश्वविद्यालय से बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे। वह दो भाइयों में बड़े थे और उसके पिता गांव में ही स्कूल संचालक हैं। छात्र की मामी अनीता कुमारी दिल्ली के अशोक नगर में रहती हैं। मामी ने बताया कि वह विश्वविद्यालय के छात्रावास में रहकर ही पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि 12 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे वह अपने चार दोस्तों के साथ कस्बे के नजदीक एक शराब के ठेके पर गया था। यहीं से कुछ समय बाद वह लापता हो गया था। मामले की जानकारी जब यशस्वी के स्वजन को हुई तो वह 13 अक्टूबर की सुबह दनकौर कोतवाली पहुंचे और उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस और स्वजन कई नालों की छानबीन कर चुके थे, लेकिन जिस स्थान पर शव बरामद हुआ, वहां नही देख सके थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, शव गलगोटिया विश्वविद्यालय से करीब 500 मीटर की दूरी पर मिला है। मामी अनिता कुमारी का आरोप है कि छात्र के चार साथियों ने ही रंजिश में हत्या कर शव को नाले में फेंका है। उनका आरोप है कि गुमशुदा होने के बाद पुलिस को चारों दोस्तों के बारे में बताया गया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ नहीं की। हालांकि शव मिलने के बाद पुलिस ने तीन छात्रों को हिरासत में ले लिया है, जबकि चौथा छात्र अभी फरार है।




