गाजियाबाद में पुलिस से मुठभेड़ में एक बदमाश को लगी गोली, दो गिरफ्तार, साथी फरार

लोनी,(गाजियाबाद)। गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, अन्य एक बदमाश फरार हो गया। जिसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। लोनी सीओ रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि हमें चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहन पर कुछ लोग आते दिखाई दिए। हमने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने भागने की कोशिश की। हमने अपनी दूसरी टीम को सूचना दी।
खुद को पुलिस द्वारा घिरते देखकर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, उनका एक साथी अभी फरार है, उसे पकड़ने की कोशिश जारी है। इनके पास से हमें एक जोड़ी कान के कुंडल, अंगूठी, दो चोरी की बाइक, तमंचे, कुछ मोबाइल, कारतूस आदि मिले हैं। मामले में विस्तृत पूछताछ जारी है।




