दिल्ली के बदरपुर इलाके में सरेराह गुंडई, युवकों ने गवर्नमेंट स्कूल की छात्राओं को पीटा

नई दिल्ली संवाददाता। बदरपुर इलाके में तीन-चार लड़कों ने लड़कियों को सरेराह पीट दिया जिससे लड़कियों को काफी चोटें आई हैं। पीड़ित छात्रा के पिता से सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को बदरपुर स्थित गवर्नमेंट गल्र्स सीनियर सेकंडरी स्कूल में शिक्षक दिवस मनाया जा रहा था। इस दौरान 10वीं के बच्चों को 12वीं के छात्र बतौर शिक्षक पढ़ा रहे थे।

तभी 12वीं के एक छात्र की 10वीं की छात्रा से कहासुनी हो गई। इस पर छात्र ने छात्रा पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस पर छात्रा की सहपाठियों ने छात्र से बहस शुरू कर दी। इसके बाद मंगलवार दोपहर करीब एक बजे आरोपित छात्र अपने दो-तीन दोस्तों के साथ स्कूल के गेट पर पहुंचा। छुट्टी होने के बाद जैसे ही लड़कियां बाहर निकलीं, सबने उन पर हमला कर दिया। एक पीड़ित लड़की ने बताया कि लड़कों ने उनकी जमकर पिटाई की। इस दौरान वे चीखकर मदद मांग रही थीं लेकिन लोग तमाशा देखते रहे। किसी ने उनकी मदद भी नहीं की। सभी लड़कियां ताजपुर पहाड़ी की रहने वाली हैं। लड़कियों ने बताया कि शिक्षक दिवस पर हुई घटना उन्होंने अपने शिक्षकों को बताई थी लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। सभी पीड़ित छात्राओं का मेडिकल कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय आरडब्ल्यूए पदाधिकारी व समाजसेवी सरजीत चौकन ने कहा कि इलाके के स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राएं सुरक्षित नहीं हैं। पिछले सप्ताह स्कूल जाते समय चार छात्राएं गायब हो गई थीं जो कि बाद में पंजाब के अमृतसर में मिलीं। कुछ लड़के उन्हें बहला फुसलाकर भगा ले गए थे।अब स्कूल के ठीक सामने सरेआम छात्राओं की पिटाई कर दी गई। अगर स्कूलों के सामने एक भी पुलिसकर्मी तैनात कर दिया जाए तो ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकती है। सरजीत चौकन ने बताया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर उन्होंने एसीपी से मिलकर स्कूलों के सामने पुलिसकर्मियों को तैनात करने की मांग की है। स्कूल शुरू होने व छुट्टी होने के दौरान तो पुलिस का होना बहुत ही जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button