गुरुग्राम में कुर्ता खरीदने बाजार आए बीजेपी नेता की हत्या

गुरुग्राम। बेखौफ बदमाशों ने कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए गुरुवार दोपहर गुरुद्वारा रोड के नजदीक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे डाला। बदमाशों ने अग्रवाल धर्मशाला के नजदीक रेमंड्स के शोरूम में मार्केट कमेटी सोहना के वाइस चेयरमैन और बीजेपी नेता सुखबीर खटाना को गोलियों को भून डाला। उन्हें तत्काल नजदीक एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया।वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए फरार हो गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने बीजेपी नेता की हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम होने के बाद साफ होगा कि कितनी गोलियां मारी गई थीं।
गांव रिठौज के रहने वाले 47 वर्षीय सुखबीर खटाना उर्फ सुक्की अक्सर सदर बाजार के नजदीक गुरुद्वारा रोड स्थित रेमंड्स के शोरूम से ही खरीदारी करते थे। उन्होंने कुछ दिन पहले कुर्ता पायजामा का आर्डर दिया था। उसे ही लेने के लिए अपने एक नजदीकी के साथ दोपहर लगभग तीन बजे शोरूम में पहुंचे थे।सामान लेने के बाद वह काउंटर पर बिलिंग करा रहे थे। उसी समय हथियारबंद पांच बदमाश पहुंचे। जब तक वह कुछ समझते तब तक बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। शरीर के कई भाग पर गोली लगने की वजह से वह लहुलूहान होकर गिर गए। गोलियां चलाने के बाद बदमाश आराम से हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
बताया जाता है कि तीन बदमाशों के हाथ में हथियार थे। सूचना मिलने के 10 से 15 मिनट के भीतर ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इलाके के सहायक पुलिस आयुक्त राजेंद्र सिंह से लेकर क्राइम ब्रांच की टीमें पहुंच गईं। कई अन्य आला अधिकारी भी पहुंचे। सभी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। उससे बदमाशों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के मुताबिक बदमाश सिविल लाइन रेाड की तरफ से दोपहर लगभग 3 बजकर 6 मिनट पर आते हुए दिख रहे हैं। इसके बाद फरार होते हुए लगभग 3 बजकर 8 मिनट पर दिखाई दे रहे हैं। इससे साफ है कि बदमाशों ने दो मिनट के भीतर ही वारदात को अंजाम दे दिया। सभी ने मास्क लगा रखा था। कैमरे में चेहरा कैद न हो सके, इसके लिए सभी नजरें नीची करते हुए आए और फरार भी हुए। सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम) प्रीतपाल का कहना है कि शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा कि कितनी गोलियां मारी गई थीं।




