अपने ही थाने में शराब पीकर पकड़े गए बिहार पुलिस के एएसआई,खानी पड़ी जेल की हवा

छपरा,(बिहार)।  बिहार के सारण जिले के एकमा थाने में पदस्थापित एएसआई निरंजन मंडल शराब के नशे में पकड़े गए। इसके बाद उनको गिरफ्तार कर लिया गया है। रात भर अपने ही थाने के हाजत में बंद रहे निरंजन मंडल को मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि निरंजन मंडल शराब के नशे में थाना परिसर में हंगामा कर रहे थे। तभी वहां डीएसपी पहुंच गए। डीएसपी ने एएसआई निरंजन मंडल का मेडिकल करवा दिया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। उसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। शराबबंदी कानून के बाद बिहार में शराब पीना या रखना जुर्म है। पुलिसकर्मियों पर जिम्मेवारी है कि शराब पीने वाले को पकड़े लेकिन कई बार ऐसी घटनाएं सामने आ रही है जब पुलिसकर्मी ही शराब के नशे में शराबबंदी कानून को तोड़ते नजर आ रहे हैं।

एएसआई को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया
एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों से शराब बंदी कानून को सफल बनाने में मदद की अपील की है। गौरतलब है कि आज शराब के नशे में थाने में पकड़े गए निरंजन मंडल को पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इसके पहले आज सुबह से ही छपरा में शराबबंदी कानून को लेकर बड़ा अभियान चलाया गया।
गरखा में एसपी और डीएम ने नष्ट की शराब की भट्टियां
जिले के गरखा में एसपी और डीएम स्वयं शराब की भट्टियों को तोड़ते नजर आए। गरखा में की गई कार्रवाई में भारी मात्रा में देसी शराब को नष्ट किया गया है। वहीं कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। इधर एकमा थाने में पुलिस कर्मी की इस हरकत ने शराबबंदी कानून पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button