कट्टरपंथी देश में मुस्लिम लड़कियों ने उतारा हिजाब, वीडियो देख भड़के कट्टरपंथी, ईरान पुलिस ने दी कड़ी सजा

- ईरान में पुलिस ने कई लड़कियों को किया गिरफ्तार
- स्पोर्ट्स इवेंट के बाद लड़कियों ने उतारा था हिजाब
- इवेंट का वीडियो हुआ वायरल तो भड़के कट्टरपंथी
तेहरान,(एजेंसी)। ईरान की पुलिस ने दक्षिणी शहर शिराज में स्केटबोर्डिंग डे पर हिजाब न पहनने के लिए कई किशोर लड़कियों को गिरफ्तार किया है। सरकारी मीडिया ने इसकी जानकारी दी। शिराज पुलिस प्रमुख फराज शोजाई के हवाले से न्यूज एजेंसी ने बताया कि कई लड़कियों ने स्पोर्ट इवेंट के अंत में धार्मिक मान्यताओं और कानूनी नियमों को तोड़ते हुए हिजाब उतार दिए। पुलिस ने कई आयोजकों को भी गिरफ्तार किया है। डेलीमेल की खबर के अनुसार आयोजन, जिसमें दर्जनों किशोरों ने सख्त इस्लामिक नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया, करने के आरोप में पांच आयोजकों को हिरासत में लिया गया है। शोजाई ने कहा, ‘न्यायपालिका के सहयोग से, गुरुवार को कई अपराधियों और इस आयोजन से जुड़े लोगों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार किया गया।’ ईरान की सोशल मीडिया पर शिराज में आयोजित ‘गो स्केटबोर्डिंग डे’ का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो ने धार्मिक कट्टरपंथियों के बीच आक्रोश पैदा कर दिया है।
रूढ़िवादी देश ईरान में सभी महिलाओं और किशोर लड़कियों के लिए हिजाब पहनना अनिवार्य है। शोजाई ने कहा, ‘धार्मिक और कानूनी नियमों का पालन किए बिना किसी स्पोर्ट्स या नॉन-स्पोर्ट्स इवेंट का आयोजन करना सख्त मना है और आयोजकों को कानून के मुताबिक सख्त सजा दी जाएगी।’ शिराज के गवर्नर लोटफुल्ला शेबानी ने कहा कि इवेंट का आयोजन सामाजिक, धार्मिक और राष्ट्रीय नियमों को तोड़ने के उद्देश्य से किया गया था। शिराज में 15 जुलाई को जुमे की नमाज के बाद ‘हिजाब की पवित्रता के समर्थक’ शीर्षक से एक मार्च निकाला जाएगा।




