नालंदा में घर की छत गिरने से दर्दनाक हादसा, दादी-पोते की मौत, भाई मलबे में फंसा

नालंदा/बिहार। नालंदा में दर्दनाक हादसा हुआ है। घर की छत गिरने से दादी-पोते की मौके पर ही मौत हो गई है। घटना रहुई थाना क्षेत्र के इमामगंज गांव की है। मृतकों की पहचान आनंदी महतो की 80 वर्षीय पत्नी फुलिया देवी और धर्मवीर कुमार के 14 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार के तौर पर हुई है। जबकि घायलों में 12 वर्षीय निरंजन कुमार का इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।
पीड़ित परिजनों ने बताया कि मकान करीब 60 साल पुराना था। गुरुवार की रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरे में सो गए थे। फुलिया देवी अपने दोनों पोते आशीष और निरंजन के साथ सोई थीं। नींद के दौरान ही अचानक मकान की छत भरभरा कर गिर पड़ी, जिसमें तीनों दब गए।
हादसे के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी को बाहर निकाला। आशीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दादी फुलिया देवी और निरंजन को गंभीर हालत में पहले रहुई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर सदर अस्पताल बिहारशरीफ लाया गया। डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। वहीं, फुलिया देवी और निरंजन को बेहतर इलाज के लिए विम्स पावापुरी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान फुलिया देवी ने भी दम तोड़ दिया।
घटना के समय महिला शोभा देवी अपने तीसरे बेटे के साथ घर के आंगन में करकट के नीचे सो रही थीं, जिसकी वजह से वह बच गईं। उनका पति मजदूरी करने के लिए दूसरे प्रदेश में रहता है। थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी की ओर से तत्काल सहायता राशि का चेक दिया गया है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button