नजफगढ़ में चेन स्नैचिंग करने वाले दो शातिर बदमाश राजस्थान के खाटू श्याम से गिरफ्तार, 82 आपराधिक मामलों में रहे हैं शामिल

द्वारका जिला पुलिस ने नजफगढ़ में महिला की सोने की चेन झपटने के आरोप में दो बदमाशों को राजस्थान के खाटू श्याम जी से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजन सोनी उर्फ भोला (24) और हर्ष उर्फ अक्षय (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल टीवीएस एनटॉर्क स्कूटर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता

नई दिल्ली। द्वारका जिला पुलिस की एंटी पीओ एवं जेल बेल सेल की टीम ने नजफगढ़ इलाके में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को राजस्थान के खाटू श्याम जी से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजन सोनी उर्फ भोला (24) और हर्ष उर्फ अक्षय (22) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कुल 82 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें राजन सोनी 66 और हर्ष 16 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल टीवीएस एनटॉर्क स्कूटर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के निर्देश पर जिले में झपटमारी, वाहन चोरी, अवैध शराब की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी पीओ एवं जेल बेल सेल के प्रभारी निरीक्षक हरीश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में एएसआई ओमप्रकाश, हेड कांस्टेबल महेश कुमार, कांस्टेबल अशोक और कांस्टेबल जयदीप शामिल थे। पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशन सुभाष मलिक की निगरानी में की गई।

पुलिस के अनुसार, नजफगढ़ थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 497/26 के तहत 2 नवंबर 2026 को हुई चेन स्नैचिंग की वारदात की जांच की जा रही थी। इस मामले में सड़क किनारे खड़ी एक महिला के गले से सोने की चेन झपटने का आरोप था। पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी थी। इसी दौरान 17 नवंबर को टीम जब जय विहार इलाके में सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही थी, तभी एक मुखबिर ने सूचना दी कि वारदात में शामिल संदिग्ध राजस्थान के खाटू श्याम जी में एक होटल एवं रेस्टोरेंट में ठहरे हुए हैं।

सूचना मिलने के बाद निरीक्षक हरीश कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और आवश्यक अनुमति लेकर पुलिस टीम राजस्थान के लिए रवाना हो गई। खाटू श्याम पहुंचकर पुलिस ने संबंधित होटल के कमरों की जांच की, जहां सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए संदिग्धों से मिलते-जुलते दो युवक मिले। पूछताछ और फुटेज दिखाने पर उन्होंने अपनी पहचान राजन सोनी उर्फ भोला और हर्ष उर्फ अक्षय के रूप में बताई। पुलिस का दावा है कि लगातार पूछताछ के दौरान दोनों ने 2 नवंबर को नजफगढ़ में हुई चेन स्नैचिंग की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत 18 नवंबर को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आर्थिक तंगी और बुरी आदतों के चलते अपराध की दुनिया में शामिल हो गए। आरोप है कि दोनों ने टीवीएस एनटॉर्क स्कूटर पर सवार होकर सड़क किनारे खड़ी महिला के गले से सोने की चेन झपटी थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कूटर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी राजन सोनी उर्फ भोला के खिलाफ पहले से 66 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें झपटमारी के 36, चोरी के 20, आर्म्स एक्ट के सात, लूट का एक और अन्य अपराधों से जुड़े दो मामले शामिल हैं। वहीं, हर्ष उर्फ अक्षय के खिलाफ कुल 16 मामले दर्ज हैं, जिनमें झपटमारी एवं चोरी के 11, लूट अथवा हथियार के बल पर लूट का एक, आर्म्स एक्ट का एक तथा धोखाधड़ी और जालसाजी के तीन मामले शामिल हैं।

द्वारका जिला पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य आपराधिक वारदातों में उनकी संभावित संलिप्तता की भी पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button