गोरखपुर में फर्जी दारोगा बन सफाईकर्मी ने बुजुर्ग से 20 हजार लूटे, सीसीटीवी फुटेज से खुली गई पोल

गोरखपुर में एक सफाईकर्मी ने खुद को दारोगा बताकर एक बुजुर्ग से 20 हजार रुपये लूट लिए। बुजुर्ग रेलवे जीएम ऑफिस के पास एसबीआई से पैसे निकालकर लौट रहे थे। आरोपी ने गांजा तस्करी का आरोप लगाकर बैग छीना।

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। फर्जी दारोगा बनकर लूट करने वाले नगर निगम के सफाईकर्मी को कैंट थाना पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने चेकिंग के नाम पर एक बुजुर्ग से 20 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया था। पुलिस ने सीसी कैमरा फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान कर उसे दबोच लिया और लूटी गई रकम भी बरामद कर ली।
खोराबार क्षेत्र के जंगल सिकरी निवासी रामसती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सेवानिवृत्त जनरल मैनेजर के पत्रवाहक हैं। छह अप्रैल की सुबह करीब 10:45 बजे वह रेलवे जीएम आफिस के सामने स्थित एसबीआइ की शाखा से 20 हजार रुपये निकालकर पैदल लौट रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने खुद को दारोगा बताते हुए उन्हें रोक लिया और गांजा तस्करी का आरोप लगाकर चेकिंग के नाम पर उनका बैग ले लिया। इसके बाद आरोपित बैग में रखे रुपये लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कैंट पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान गोरखनाथ क्षेत्र के हुमायूंपुर निवासी विक्की बांसफोड़ के रूप में हुई, जो नगर निगम में सफाईकर्मी है।
रेलवे चौकी प्रभारी अमित चौबे की टीम ने मंगलवार सुबह आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटा गया 20 हजार रुपये भी बरामद कर लिया गया। सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश पहले भी जेल जा चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button