सीएम योगी ने गुरु ब्रह्म मुहूर्त में बाबा गोरखनाथ को चढ़ाई आस्‍था की खिचड़ी, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह 4 बजे शिवावतार गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाई गई। सीएम योगी ने नाथपंथ की विशिष्ट परंपरा के अनुसार आस्था की पहली खिचड़ी चढ़ाई और लोकमंगल की कामना की। इसके बाद नेपाल राजवंश की ओर से खिचड़ी चढ़ाई गई, फिर नाथ योगियों, साधु संतों ने खिचड़ी चढ़ाकर पूजा अर्चना की। इसके साथ मंदिर के गर्भगृह के पट को आमजन के लिए खोल दिया गया और लोक आस्था की पवित्र खिचड़ी चढ़ाने की शुरूआत हो गई।दूर दराज से लाखों की संख्या में उमड़े श्रद्धालु बाबा गोरखनाथ के चरणों में अपने आस्था की पवित्र खिचड़ी चढ़ा रहे हैं।
सीएम एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने नाथपंथ की परंपरा के अनुसार जमीन पर बैठ कर पवित्री एवं सिंगी नाद से सिटी बजा कर भगवान गुरु गोरखनाथ को प्रमाण कर आदेश लिया। विधिवत पूजन कर गोरक्षपीठ की ओर से खिचड़ी चढ़ाई। उसके बाद त्रेतायुग से प्रज्ज्वलित अखण्ड ज्योति का पूजन कर आशीर्वाद लिया।
मकर संक्रांति के पावन पर्व पर शिवावतार गुरु गोरखनाथ को लोक आस्था की खिचड़ी चढ़ाने लाखों श्रद्धालु कड़ाके की ठंड के बीच गोरखनाथ मंदिर में उमड़े। सुख समृद्धि एवं अरोग्य की मंगलकामना को लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार समेत अन्य राज्यों और पड़ोसी राज्य नेपाल से आए श्रद्धालुओं ने रविवार की सुबह 4 बजे के बाद कतारबद्ध होकर गुरु गोरखनाथ को श्रद्धा की खिचड़ी निवेदित की। उसके बाद मंदिर परिसर में स्थित सभी देवी देवताओं के विग्रहों का पूजन कर ब्रह्मलीन महंत बाबा गंभीरनाथ, ब्रह्मलीन महंत दिग्विजनाथ एवं ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर माथा टेक आशीर्वाद लिया। इस दौरान गुरु गोरखनाथ की जय जयकार से पूरा मंदिर प्रांगण गूंज रहा था। जयकारे की एक लहर थमती नहीं कि दूसरी शुरू हो जाती।
सीएम ने दी मकर संक्रांति की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश सहित समस्त देशवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी और कहा कि भगवान सूर्य सभी का कल्याण करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति का यह पर्व पूरे देश में विभिन्न नाम से मनाया जाता है, कहीं इसे बिहू तो कहीं पोंगल, कहीं मकर संक्रांति तो कहीं तिलवा संक्रात वहीं गोरखपुर और उसके आसपास के क्षेत्र में इसे खिचड़ी पर्व के रूप में मनाया जाता है। भगवान सूर्य के धनु राशि से मकर राशि में संक्रमण करने का त्यौहार है मकर संक्रांति। इसी दिन भगवान सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण में प्रवेश करते हैं। हिंदू रीति रिवाज के हिसाब से आज से मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी हो जाती है। आज लोग प्रयागराज से लेकर बनारस सभी जगह स्नान दान पुण्य का कार्य कर रहे हैं सुबह से ही लोगों का इसके लिए नदी तट पर पहुंचना शुरू हो चुका है। आज से ही माघ मेले की भी शुरुआत हो गई है। गोरखनाथ मंदिर में आए सभी श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्था, सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button