बिजनेसमैन दिनेश ठक्कर ने मुंबई में खरीदा करीब 711 करोड़ रुपये का लग्जरी रेजिडेंशियल टावर

एंजेल वन के फाउंडर दिनेश ठक्कर ने मुंबई के जुहू में करीब 711 करोड़ रुपये में 63000 वर्ग फुट का अल्ट्रा-लग्जरी रेजिडेंशियल टावर खरीदा है। ठक्कर ने अपने नए घर का नाम 'एंजेलस' रखा है।

मुंबई,एजेंसी। भारत की प्रमुख वित्तीय प्रौद्योगिकी और वित्तीय सेवा कंपनी एंजेल वन लिमिटेड के संस्थापक, चेयरमैन और प्रबंध निदेशक दिनेश ठक्कर ने मुंबई के जुहू इलाके में करीब 711 करोड़ रुपये में एक अल्ट्रा-लग्जरी आवासीय टावर खरीदा है। इसे एकल आवासीय इकाई से जुड़ी देश की बड़ी संपत्ति डील में शामिल बताया जा रहा है। यह संपत्ति बेंगलुरु की रियल एस्टेट कंपनी एम्बेसी डेवलपमेंट्स लिमिटेड के प्रीमियम प्रोजेक्ट ‘एम्बेसी टेराजा’ का हिस्सा है।
डेवलपर के अनुसार, टावर की बिक्री को लेकर हाल ही में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। ‘एम्बेसी टेराजा’ में कुल पांच टावर बनाए जा रहे हैं, जिनमें से एक पूरा टावर दिनेश ठक्कर के स्वामित्व में होगा। भूतल के अलावा सात मंजिल वाले इस टावर का रेरा कारपेट क्षेत्र करीब 63 हजार वर्ग फुट है। करीब 711 करोड़ रुपये की डील के आधार पर इसकी कीमत लगभग 1.13 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट बैठती है।
जुहू तारा रोड पर स्थित इस परियोजना में तीन, चार और पांच बेडरूम वाले लग्जरी अपार्टमेंट शामिल हैं। करीब दो एकड़ में फैले इस कम घनत्व वाले आवासीय प्रोजेक्ट में लगभग 50 घर होंगे। डेवलपर के अनुसार परियोजना का अनुमानित सकल विकास मूल्य 3,000 करोड़ रुपये से अधिक है।
परियोजना की खासियत यह है कि पांचों टावरों की प्रत्येक मंजिल पर केवल एक आवास होगा। यहां निवासियों को समुद्र और मुंबई शहर के दृश्य के साथ निजी उद्यान, स्वास्थ्य और जीवनशैली से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। परियोजना को विकास प्रबंधन मॉडल के तहत तैयार किया जा रहा है और इसके वर्ष 2029 तक रहने के लिए तैयार होने की उम्मीद है।
दिनेश ठक्कर ने कहा कि जुहू की अपनी विशिष्ट पहचान है और नया घर तलाशते समय उनकी प्राथमिकताओं में निजता, खुली जगह, समुद्र का दृश्य और परिवार के लिए एक आलीशान घर शामिल था। उन्होंने बताया कि उनके परिवार के इस नए घर का नाम ‘एंजेलस’ रखा गया है। ठक्कर ने कहा कि वह ‘एम्बेसी टेराजा’ में ‘एंजेलस’ को अपने परिवार के लिए एक खास घर के रूप में आकार लेते देखने के लिए उत्सुक हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button