नोएडा में सीवर चैंबर में स्वास्तिक चिह्न वाली ईंटों के इस्तेमाल पर विवाद, प्राधिकरण ने तत्काल हटवाया
नोएडा सेक्टर-49 में सीवर के मेनहोल में स्वास्तिक चिह्न वाली ईंटों के इस्तेमाल पर विवाद खड़ा हो गया है। नोएडा सिटीजन फोरम ने इसे धार्मिक भावनाओं का अपमान बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

नोएडा। सेक्टर-49 में नई सीवर लाइन के निर्माण के दौरान मेनहोल चैंबर में स्वास्तिक चिह्न अंकित ईंटों के इस्तेमाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामले को लेकर नोएडा सिटीजन फोरम (एनसीएफ) ने आपत्ति जताते हुए नोएडा प्राधिकरण से तत्काल हस्तक्षेप और जांच की मांग की। संगठन का कहना है कि स्वास्तिक सनातन परंपरा में शुभता और मंगल का प्रतीक माना जाता है, इसलिए धार्मिक प्रतीक वाली ईंटों का सीवर चैंबर में इस्तेमाल उचित नहीं है।
एनसीएफ के संयोजक एवं सेक्टर-49 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रशांत त्यागी ने निर्माण स्थल से संबंधित वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर मामला उठाया। उन्होंने प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों से चैंबरों में लगाई गई ऐसी ईंटों को हटाने के साथ निर्माण कार्य की जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
प्रशांत त्यागी के मुताबिक, सेक्टर-49 में नई सीवर लाइन के तहत बनाए जा रहे मेनहोल चैंबरों में स्वास्तिक चिह्न वाली ईंटें लगाए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद एनसीएफ ने प्राधिकरण से मामले का संज्ञान लेने और भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
हालांकि, नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (जल एवं सीवर) आरपी सिंह ने मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि स्वास्तिक चिह्न वाली ईंटों का एक ट्रक मौके पर पहुंच गया था। जानकारी मिलते ही उसे हटवा दिया गया और ईंटें तत्काल वापस कर दी गईं। प्राधिकरण के इस स्पष्टीकरण के बाद अब विवादित ईंटों के इस्तेमाल को लेकर उठे सवालों पर स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।



