रामलीला के रंग में नहीं थमेगी दिल्ली की रफ्तार, जाम से निपटने को ट्रैफिक पुलिस तैयार

रामलीला आयोजनों के दौरान जाम से बचाव और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रामलीला समितियों के साथ समन्वय बैठक की। पार्किंग, भीड़ प्रबंधन, वैकल्पिक मार्ग और यातायात डायवर्जन की योजना पर चर्चा हुई।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

दिल्ली ब्यूरो। राजधानी में रामलीला आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और आम लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में ट्रैफिक पुलिस के जोन-1 की ओर से शामनाथ मार्ग स्थित दिल्ली पुलिस ऑफिसर्स मेस में विभिन्न रामलीला समितियों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात के मार्गदर्शन में डीसीपी ईस्टर्न रेंज, डीसीपी सेंट्रल रेंज, जोन-1 के एसीपी यातायात, यातायात निरीक्षकों और रामलीला समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में रामलीला आयोजनों की भव्यता के साथ राजधानी की सामान्य यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजन पूरे उत्साह के साथ हों, लेकिन इनके कारण आम नागरिकों को अनावश्यक यातायात परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने कहा कि रामलीला समितियों और ट्रैफिक पुलिस के बीच बेहतर समन्वय, समय रहते यातायात योजना और नियमों का पालन इस व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। बैठक में इसी भावना के साथ संदेश दिया गया कि “रामलीला भी चलेगी, दिल्ली भी चलती रहेगी।”
रामलीला स्थलों के आसपास जाम रोकने, प्रमुख सड़कों और चौराहों पर यातायात का दबाव कम करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। आयोजकों से मुख्य मार्गों पर अवैध और बेतरतीब पार्किंग रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। इसके साथ ही पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्जन तथा वैकल्पिक मार्गों की पहले से योजना बनाने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रामलीला स्थलों के आसपास एंबुलेंस, दमकल वाहनों और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ते हर स्थिति में खुले रहने चाहिए। आयोजकों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने के लिए भी कहा गया, ताकि पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और लोगों को उचित दिशा बताने में सहायता मिल सके। अस्थायी दुकानों और सड़क किनारे होने वाली गतिविधियों के कारण यातायात बाधित न हो, इसके लिए भी आवश्यक प्रबंध करने पर चर्चा हुई।
बैठक में आयोजन स्थलों से जुड़ी स्थानीय यातायात समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रत्येक रामलीला स्थल की परिस्थितियों के अनुसार अलग यातायात प्रबंधन योजना तैयार करने, उपलब्ध पुलिस बल का प्रभावी उपयोग करने तथा आयोजकों और संबंधित यातायात अधिकारियों के बीच सीधा संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया गया, ताकि आयोजन के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा सके।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रामलीला समितियों और आम नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने, सड़क किनारे अवैध पार्किंग से बचने तथा यातायात पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान धार्मिक आयोजनों की गरिमा, नागरिकों की सुरक्षा और राजधानी में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button