फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए फायर ब्रिगेड कर्मचारियों को पलवल में कैंडल मार्च से श्रद्धांजलि

पलवल। फरीदाबाद के मुजेसर स्थित सेक्टर-24 वर्कशाप में हुए भीषण अग्निकांड में दो फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की इलाज के दौरान मौत के बाद जिले के कर्मचारियों ने कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च कमेटी चौक स्थित फायर ब्रिगेड के कार्यालय से आगरा चौक तक निकाला गया। कर्मचारी राहुल आर्य के अनुसार 16 फरवरी को हुए अग्निकांड में आग बुझाने के दौरान फायर ब्रिगेड के कर्मचारी रणवीर और भविचंद गंभीर रूप से झुलस गए थे। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से फायर विभाग सहित कर्मचारी संगठनों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
उन्होंने कहा कि दोनों कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी निभाते हुए बहादुरी का परिचय दिया और लोगों की जान बचाने के प्रयास में अपनी जान कुर्बान कर दी। उन्होंने कहा कि सरकार को उनके बलिदान का सम्मान करते हुए दोनों को बलिदानी का दर्जा देना चाहिए।
उन्होंने मांग की है कि मृतक कर्मचारियों के स्वजन को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि यह सहायता न केवल परिवारों को संबल देगी बल्कि भविष्य में ड्यूटी के दौरान जान जोखिम में डालने वाले कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ाएगी। इस दौरान लीडिंग फायर मैन अमित कुमार, मुकेश डागर, राकेश शर्मा, फायरमैन, राज सिंह , किशोर कुमार, चतर सिंह, ओमवीर आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button