जिस थाने में कभी की नौकरी, वहीं की पुलिस ने सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल को हिरासत में लिया

दिल्ली में कांग्रेस के जोरदार प्रदर्शन के दौरान बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल को पुलिस ने टांगा-टोली कर डिटेन कर लिया। दिलचस्प बात यह है कि राजनीति में आने से पहले बेनीवाल 10 साल दिल्ली पुलिस में रहे थे और संसद मार्ग थाने में ही तैनात थे।

नई दिल्ली,एजेंसी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ दिल्ली में कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के दौरान राजस्थान के बाड़मेर से सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। आकाशवाणी भवन के बाहर मंगलवार को हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई की, जिसमें बेनीवाल समेत कई कांग्रेस नेताओं को पुलिस बस में बैठाकर ले जाया गया। इस घटनाक्रम के वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर सामने आए हैं।
इस घटनाक्रम की खास बात यह रही कि राजनीति में आने से पहले उम्मेदाराम बेनीवाल दिल्ली पुलिस में करीब 10 वर्ष तक सेवा कर चुके हैं। वह वर्ष 1995 से 2005 तक पुलिस में रहे और संबंधित क्षेत्र में भी उनकी तैनाती रही थी। वर्ष 2005 में उन्होंने पुलिस सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। इसके बाद वर्ष 2024 में वे लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने।
मंगलवार को कांग्रेस और विपक्षी दलों के नेता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद आकाशवाणी भवन के पास धरना शुरू हो गया। कई घंटे चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर हिरासत में लिया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई अन्य विपक्षी नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था।
हिरासत में लिए जाने के बाद बेनीवाल ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनका शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जोड़ा गया है।
घटना के बाद बेनीवाल को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने और उनके पूर्व पुलिसकर्मी होने का संदर्भ इंटरनेट मीडिया पर चर्चा में है। उधर, आकाशवाणी भवन में प्रवेश को लेकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने प्राथमिकी भी दर्ज की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button