Policatial News: विपक्षी दल चुनाव आयोग से लड़ने के बजाय जनता के बीच जाएं: हर्ष मल्होत्रा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने राहुल गांधी और विपक्षी दलों के चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शनों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें सड़क पर प्रदर्शन करने के बजाय ठोस साक्ष्य के साथ उचित कानूनी मंच पर अपनी बात रखनी चाहिए।

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने राहुल गांधी और कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के हालिया प्रदर्शनों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दो दिनों से नई दिल्ली क्षेत्र में प्रदर्शन के नाम पर तनाव का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी और कम्युनिस्ट दलों की ओर से भी प्रदर्शन किया गया था। मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के बीच यह दिखाने की प्रतिस्पर्धा चल रही है कि कौन अधिक लंबे समय तक प्रदर्शन कर सकता है।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में चुनाव होने वाले हैं और ऐसे समय में विपक्षी दलों को जनता के बीच जाकर अपने मुद्दे रखने चाहिए। इसके बजाय वे चुनाव आयोग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची में अनियमितता और ‘वोट चोरी’ जैसे आरोप लगा रहे हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यदि राहुल गांधी के पास मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य हैं तो उन्हें सड़क पर प्रदर्शन करने के बजाय उचित कानूनी मंच पर मामला उठाना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से यह भी सवाल किया कि कांग्रेस लंबे समय से तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में सत्ता से बाहर रही है तो चुनावी पराजय की जिम्मेदारी के लिए वे किसे दोषी ठहराएंगे।
मल्होत्रा ने कहा कि चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों को अपने आरोपों के समर्थन में तथ्य सामने रखने चाहिए। उन्होंने विपक्षी दलों से चुनावी तैयारी और जनसंपर्क पर ध्यान देने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button