बहन के इलाज के नाम पर सोशल मीडिया से चंदा जुटाने का आरोप, युवक गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर बहन के आंखों का इलाज कराने को लेकर भावुक अपील करने वाला जय सिंह राठौर पुलिस की गिरफ्त में आ गया है।

आगरा,उत्तर प्रदेश। आगरा में 12 वर्षीय बहन की आंखों के इलाज के नाम पर सोशल मीडिया के जरिए आर्थिक मदद जुटाने के कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि जय सिंह राठौर उर्फ अजयवीर सिंह ने दिल्ली के श्रॉफ आई सेंटर के नाम पर कथित फर्जी मेडिकल दस्तावेजों का इस्तेमाल कर लोगों से आर्थिक सहायता मांगी। शिकायत के बाद आगरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया कि आरोपी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भावुक अपील करते हुए अपनी बहन को ग्लूकोमा और विट्रियस हेमरेज से पीड़ित बताया था। अपील में आंखों की रोशनी जाने का खतरा बताते हुए दिल्ली में इलाज और सर्जरी के लिए आर्थिक मदद की मांग की गई। अपील के बाद कई लोगों ने आर्थिक सहायता दी। दावा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से करीब ढाई लाख रुपये जुटाए गए। बाद में पर्याप्त धनराशि मिलने की बात कहते हुए भुगतान से संबंधित जानकारी हटा दी गई।
मामले में सोशल मीडिया प्रभावक मदन मोहन सोनी को अपील की सत्यता पर संदेह हुआ। उन्होंने जानकारी की पुष्टि के लिए श्रॉफ आई सेंटर से संपर्क किया। आरोप है कि अस्पताल ने संबंधित मरीज के वहां भर्ती होने से इनकार किया और अपने नाम के कथित गलत इस्तेमाल तथा फर्जी लेटरहेड पर मरीज से संबंधित जानकारी, चिकित्सकीय पर्चे और अनुमानित खर्च दिखाए जाने को लेकर चेतावनी दी।
इसके बाद मदन मोहन सोनी ने आरोपी से कथित रूप से जुटाई गई रकम दानदाताओं को वापस करने की अपील की। आरोप है कि इस पर आरोपी की ओर से अलग-अलग कारण बताए गए। मामला बढ़ने पर मदन मोहन सोनी ने बाह थाने में शिकायत दर्ज कराई।
बाह थाना पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जय सिंह राठौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी डीपी तिवारी ने बताया कि मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सोशल मीडिया अपील, कथित मेडिकल दस्तावेजों तथा आर्थिक लेन-देन की जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।



