मुंबई में मेट्रो निर्माण के दौरान बैरिकेड गिरने से व्यक्ति की मौत

मुंबई के विक्रोली में मेट्रो निर्माण के दौरान एक लोहे का बैरिकेड गिरने से मोटरसाइकिल सवार प्लंबर की मौत हो गई।

मुंबई,एजेंसी। एलबीएस रोड पर मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान भारी लोहे का बैरिकेड गिरने से बाइक सवार 54 वर्षीय वसीम हैदर रिजवी की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार 18 सितंबर को रोसरी बायोटेक बिल्डिंग के पास हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रिजवी अपनी होंडा यूनिकॉर्न बाइक से वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान निर्माण क्षेत्र में लगा करीब छह गुणा आठ फीट का लोहे का भारी बैरिकेड अचानक उनकी बाइक पर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पार्कसाइट-1 मोबाइल वाहन से उन्हें तत्काल राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रिजवी खाड़ी गांव, अशोक नगर, घाटकोपर पश्चिम के निवासी थे और प्लंबर का काम करते थे। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव उन्हें सौंप दिया। पार्कसाइट पुलिस हादसे के कारणों और निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही है।
इससे पहले 14 फरवरी को मुलुंड में एलबीएस रोड पर मेट्रो लाइन-4 के निर्माण के दौरान कंक्रीट का पैरापेट सेगमेंट वाहनों पर गिरने से एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने की घटना सामने आई थी। अप्रैल में भी मुलुंड में मेट्रो निर्माण क्षेत्र के पास एक कार पर लकड़ी का तख्ता गिरने की घटना सामने आई थी, हालांकि एमएमआरडीए ने उस घटना से इनकार किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button