हरिद्वार में निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली की संदिग्ध मौत, चाय के खोखे में फंदे से मिला शव

सुरेंद्र कोली के हरिद्वार में आत्महत्या किए जाने की खबर ने हड़कंप मचा दिया है। सुरेंद्र कोली का नाम वर्ष 2006 के सनसनीखेज निठारी कांड में सामने आया था।

हरिद्वार,उत्तराखंड। हरिद्वार में चर्चित निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। भूपतवाला क्षेत्र में लालमाता मंदिर के सामने एक चाय के खोखे में उसका शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान सुरेंद्र कोली के रूप में हुई, जो कथित तौर पर नाम बदलकर वहां रह रहा था और चाय का खोखा चला रहा था।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुरेंद्र कोली पुत्र शंकु राम, निवासी ग्राम मंगरुखाल, भिकियासैंण, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। बताया गया कि उसने हरिद्वार में अपनी पहचान छिपाकर अपना नाम सदाराम रखा हुआ था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौत प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सुरेंद्र कोली पिछले कुछ महीनों से हरिद्वार में रह रहा था। बताया जा रहा है कि इससे पहले वह सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था। करीब तीन दिन पहले उसने चाय की दुकान किराये पर ली थी और चार दिन पहले दुकान खोलने की बात सामने आई है। वह इसी खोखे में रह भी रहा था। इसी स्थान पर उसका शव फंदे से लटका मिला।
सुरेंद्र कोली की मौत की खबर सामने आने के बाद उसके पारिवारिक जीवन को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। बताया गया है कि निठारी कांड में उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके परिवार ने उससे दूरी बना ली थी। परिवार के सदस्यों के संबंध में सामने आई जानकारी के अनुसार, वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी एक बहन भी थी। वर्ष 2006 में गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी उससे जेल में मिलने गई थी। इसके बाद उसने उससे संबंध समाप्त कर लिए और बाद में हरियाणा में दूसरी शादी कर ली थी।
बताया गया है कि सुरेंद्र कोली का एक भाई अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहता है, जबकि दूसरा भाई अल्मोड़ा के एक निजी विद्यालय में शिक्षक है। उसकी भाभी एएनएम के रूप में कार्य करती हैं। पैतृक घर पर उसकी मां रहती थीं, जिनका कुछ वर्ष पहले निधन होने की बात सामने आई है। हालांकि, परिवार से जुड़े इन विवरणों की पुलिस स्तर से अभी विस्तृत पुष्टि की जा रही है।
पुलिस अब हरिद्वार में सुरेंद्र कोली के रहने, उसकी पहचान बदलने, संपर्क में रहे लोगों और पिछले कुछ महीनों की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। उसके संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद से जुड़ी आत्महत्या की आशंका है, लेकिन किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button