नवी मुंबई के सानपाड़ा में रेस्टोरेंट में जोरदार धमाका, दो गंभीर घायल

नवी मुंबई के सानपाड़ा स्थित प्रतीक्षा बिल्डिंग में सागर फैमिली रेस्टोरेंट में सुबह करीब 6 बजे जोरदार धमाका हुआ, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कांती जाधव/महाराष्ट्र स्टेट हेड

मुंबई,ब्यूरो। महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित सानपाड़ा के सेक्टर-1 में प्रतीक्षा इमारत के सागर फैमिली रेस्टोरेंट में सोमवार सुबह करीब छह बजे जोरदार धमाका हो गया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज नवी मुंबई महानगरपालिका के वाशी अस्पताल में जारी है।
घायलों की पहचान 26 वर्षीय अरुण यादव और 46 वर्षीय अर्जुन यादव के रूप में हुई है। धमाका इतना तेज था कि प्रतीक्षा व्यावसायिक इमारत के आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। पास स्थित अभिमन्यु सहकारी आवासीय सोसायटी की कुछ दुकानें प्रभावित हुईं, जबकि इमारत के सामने मौजूद अस्पताल की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। हादसे में आसपास की करीब छह दुकानों को भारी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत तथा बचाव कार्य शुरू किया। वाशी दमकल विभाग के अधिकारी पुरुषोत्तम जाधव ने बताया कि धमाके की वजह की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आसपास की खाद्य दुकानों में रखे तीन गैस सिलेंडर सुरक्षित पाए गए हैं।
अधिकारी के अनुसार, शुरुआती जानकारी में गैस सिलेंडर में धमाका होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां मौके पर जांच कर रही हैं। पुलिस ने भी घटना के कारणों और सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button