दिल्ली में 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को मिली हरी झंडी, महिलाओं के लिए 56 लेडीज स्पेशल सेवाएं शुरू

दिल्ली को 200 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलीं, जिससे बेड़े की कुल संख्या 5,000 हो गई है। महिलाओं के लिए 'लेडीज स्पेशल' बसें और दिल्ली-करनाल अंतरराज्यीय सेवा भी शुरू की गई, साथ ही एक नया ईवी चार्जिंग स्टेशन भी खुला।

नई दिल्ली। राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक मजबूत, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। दिल्ली विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के बेड़े में शामिल होने के साथ दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या करीब पांच हजार हो गई है।
उद्घाटन समारोह में विधायक सूर्य प्रकाश खत्री सहित वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के साथ यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम की खास बात महिलाओं के लिए शुरू की गई 56 ‘लेडीज स्पेशल इलेक्ट्रिक बस सेवाएं’ रहीं। इन विशेष बसों का संचालन दिल्ली के प्रमुख कॉलेजों को आपस में जोड़ने के लिए किया जाएगा। इनमें हिंदू कॉलेज, रामजस कॉलेज, दौलत राम कॉलेज, श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी), लेडी श्रीराम कॉलेज (एलएसआर), गार्गी कॉलेज, हंसराज कॉलेज और गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स सहित अन्य प्रमुख संस्थान शामिल हैं।
महिलाओं को समर्पित इन बस सेवाओं का उद्देश्य छात्राओं और महिला यात्रियों के लिए सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और समावेशी बनाना है। कॉलेजों के बीच बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से बड़ी संख्या में छात्राओं को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा दिल्ली और हरियाणा के बीच स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए ‘दिल्ली-करनाल अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा’ का भी शुभारंभ किया गया। इस सेवा से दोनों राज्यों के बीच पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के साथ यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते संचालन को देखते हुए चार्जिंग सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया गया है। इसी क्रम में राजघाट डिपो-1 में नए सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन की शुरुआत की गई। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधा को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
सरकार के अनुसार, नई इलेक्ट्रिक बसों, महिला यात्रियों के लिए विशेष बस सेवाओं, अंतरराज्यीय ई-बस सेवा और ईवी चार्जिंग स्टेशन जैसी पहलों से दिल्ली के स्वच्छ गतिशीलता तंत्र को और मजबूती मिलेगी। इन योजनाओं का उद्देश्य प्रदूषण कम करने, सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी बढ़ाने और आम नागरिकों के लिए यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के साथ टिकाऊ परिवहन व्यवस्था विकसित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button