अमरकंटक में महिला पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर समीक्षा बैठक
अमरकंटक में पर्यटकों, विशेषकर महिला पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक हुई। एसडीएम वसीम अहमद भट्ट ने प्रकाश, पार्किंग, स्वच्छता और हेल्पलाइन जैसी व्यवस्थाएं बेहतर करने के निर्देश दिए। होटल संचालकों को किराया सूची प्रदर्शित करने और टैक्सी चालकों को निर्धारित दरों का पालन कराने को कहा गया। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा और बेहतर अनुभव प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सुमिता शर्मा/जिला ब्यूरो चीफ
अनूपपुर/मध्य प्रदेश। धार्मिक एवं पर्यटन नगरी अमरकंटक में पर्यटकों, विशेषकर महिला पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर रत्नाकर झा के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट की अध्यक्षता में सर्किट हाउस अमरकंटक में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की ‘मिशन शक्ति’ तथा मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ‘महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना’ के तहत पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में एसडीएम वसीम अहमद भट्ट ने संबंधित विभागों के अधिकारियों, स्थानीय प्रतिनिधियों, अशासकीय संस्थाओं और पर्यटन से जुड़े हितधारकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, यातायात और पार्किंग की समुचित व्यवस्था, स्वच्छता तथा सार्वजनिक स्थानों पर महिला हेल्पलाइन नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक में आने वाले प्रत्येक पर्यटक की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अमरकंटक धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य के साथ अपनी अतिथि-सत्कार की परंपरा के लिए भी जाना जाता है। ऐसे में स्थानीय नागरिकों, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों और संबंधित विभागों को सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा या धोखाधड़ी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने पर्यटकों को बेहतर और सुखद अनुभव उपलब्ध कराने के लिए टैक्सी चालकों को आवश्यक प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया। एसडीएम ने कहा कि टैक्सी चालकों का व्यवहार पर्यटकों के अनुभव के साथ-साथ अमरकंटक की छवि को भी प्रभावित करता है। उन्होंने होटल और आश्रम संचालकों को निर्धारित किराया सूची प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने तथा टैक्सी चालकों को निर्धारित दरों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
बैठक में महिला पर्यटकों की सुरक्षा के साथ पर्यटन स्थलों पर महिला हितधारकों की भागीदारी बढ़ाने, स्थानीय गाइडों की भूमिका मजबूत करने, पुलिस एवं वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और पर्यटकों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण तैयार करने जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों ने पर्यटन स्थलों पर सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और महिला पर्यटकों की सुरक्षा से जुड़े उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी चर्चा की। बैठक में सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग मंजूषा शर्मा, स्थानीय शिकायत समिति की अध्यक्ष सुमिता शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमरकंटक चैन सिंह परस्ते, मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के पर्यटन प्रबंधक अजय अग्रवाल, पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारी, अमरकंटक परिवहन संघ के अध्यक्ष आदित्य जायसवाल सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, महिला हितधारक और स्थानीय मार्गदर्शक मौजूद रहे।




